पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी से नाराज उनके समर्थकों ने देश के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के लाहौर स्थित आवास पर हमला बोल दिया। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के करीब 500 कार्यकर्ता बुधवार को लाहौर में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के आवास पर पहुंचे और वहां खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी। इमरान खान के इन समर्थकों ने शाहबाज के आवास के अंदर पेट्रोल बम भी फेंके।

पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि इमरान खान के समर्थकों ने शाहबाज के आवासीय परिसर के भीतर पेट्रेल बम फेंके जाने की भी पुष्टि की है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब शाहबाज शरीफ के आवास पर हमला किया गया। उस समय गार्ड मौजूद थे। दंगाइयों ने वहां पुलिस चौकी में भी आग लगा दी। इसके बाद बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी वहां पहुंच गए, जिसके बाद प्रदर्शनकारी चले गए।

पीएम शाहबाज शरीफ के आवास पर पहुंचने से पहले भीड़ ने मॉडल टाउन में पीएमएल-एन सचिवालय पर हमला किया और वहां खड़े वाहनों में आग लगा दी, बैरियर भी जलाए गए। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने पिछले दो दिनों में पंजाब में 14 सरकारी इमारतों और 21 पुलिस वाहनों को आग लगा दी है। मंगलवार को प्रदर्शनकारियों ने लाहौर में कॉर्प्स कमांडर के घर में तोड़फोड़ की।

पीटीआई प्रमुख इमरान खान की गिरफ्तारी से नाराज उनके समर्थक सड़कों पर उतर कर हंगामा कर रहे हैं। इस हिंसक झड़प में अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 300 लोग घायल हुए हैं। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के प्रमुख इमरान खान को अल कादिर ट्रस्ट मामले में मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था।