रूस में बड़ा घटनाक्रम सामने आ रहा है। राष्ट्रपति पुतिन के खिलाफ प्राइवेट आर्मी वैगनर ने विद्रोह कर दिया है। प्राइवेट आर्मी वैगनर ने यूक्रेन जंग में रूस का साथ दिया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक़ वैगनर ने रोस्तोव शहर और वहां मौजूद मिलिट्री हेडक्वार्टर पर कब्जे का दावा किया है।
इधर राष्ट्रपति पुतिन ने देश के नाम दिए अपने संबोधन में कहा है कि वैगनर ने हमारी पीठ में छुरा घोंपा है। देश की जनता को धोखा दिया है। सेना को चुनौती देकर देशद्रोह और सशस्त्र विद्रोह की तैयारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, वैगनर ने रोस्तोव शहर और वहां मौजूद मिलिट्री हेडक्वार्टर पर कब्जे का दावा किया है। वैगनर चीफ येवगेनी प्रिगोजिन ने रूसी सेना का एक हेलिकॉप्टर गिराने की बात भी कही है। इसके बाद मॉस्को हाई अलर्ट पर है। राजधानी को जोड़ने वाला हाईवे बंद कर दिया गया है।
वैगनर समूह के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिनल ने मॉस्को के नेतृत्व को उखाड़ फेंकने की कसम खाई है। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक़ बड़ी संख्या में वैगनर ग्रुप के लड़ाके मॉस्को की ओर बढ़ रहे हैं। उन्हें रोकने के लिए रास्ते में रूसी सेना ने भी भारी मोर्चाबंदी कर दी है। रूसी शहर रोस्तोव में रूसी सेना और वैगनर ग्रुप के बीच भीषण लड़ाई की भी खबर है।