पाकिस्तान इस वक्त आलमगीर खान तरीन की मौत की खबर से सन्न है। पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) की टीम मुल्तान सुल्तांस के मालिक आलमगीर खान ने सिर में गोली मारकर आत्महत्या की।
पाकिस्तान मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तरीन ने लाहौर के गुलबर्ग स्थित अपने आवास पर पिस्तौल से खुद को गोली मारी। घटना के बाद लाहौर पुलिस ने जांच शुरू की और शुरुआती रिपोर्टों से पता चला कि यह आत्महत्या का मामला है। पुलिस के अनुसार, वह किसी बीमारी से परेशान थे, जिसका जिक्र सुसाइड नोट में है। हालांकि यह हैरानी भरी खबर इसलिये भी मानी जा रही है क्योंकि वे पाकिस्तान के बड़े बिजनसमैन थे।
अरबों रुपए के मालिक और दिसंबर में उनकी शादी होनी थी। उनकी 80 मिलियन डॉलर नेटवर्थ बताई जाती है जो लगभग 67 अरब पाकिस्तानी रुपये के बराबर है। दोस्तों का कहना है कि कभी उन्होंने किसी बीमारी का जिक्र नहीं किया। जबकि सुसाइड नोट में एक अज्ञात बीमारी से उनके संघर्ष का उल्लेख किया गया है। 63 साल के तरीन अविवाहित थे, लेकिन उनकी इस साल के अंत में दिसंबर में शादी करने की योजना थी।
कौन हैं आलमगीर तरीन
मुल्तान सुल्तांस की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आलमगीर खान तरीन पाकिस्तान के दक्षिण पंजाब के एक प्रमुख व्यवसायी हैं। उन्हें शमीम एंड कंपनी (प्राइवेट) लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के रूप में उनकी भूमिका के लिए पहचान मिली इस कंपनी के पास दक्षिण पंजाब में पेप्सिको के लिए आधिकारिक बॉटलिंग और फ्रेंचाइजी अधिकार हैं और 1990 से तरीन के नेतृत्व में हैं। इसके अलावा पाकिस्तान की सबसे बड़ी प्यूरीफायर कंपनी के भी मालिक थे।