ग्रीस में एक यात्री ट्रेन आग की चपेट में आने से एक मालगाड़ी से तेज गति से टकरा गई, आधिकारिक जानकारी के अनुसार हादसे में 29 लोगों की मौत हो गई और कम से कम 85 घायल हो गए।
मंगलवार को आधी रात से ठीक पहले टेम्पे शहर के पास टक्कर के बाद ट्रेन की कई बोगियां पटरी से उतर गईं और कम से कम तीन में आग लग गई। बचाव दल ने बुधवार को सुबह होने से पहले ही फ्लडलाइट्स के साथ मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरु किया। जीवित बचे लोगों को धुंए के गुबार और ट्रेन के मलवे के बीच से निकालने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।
हादसे में बचे लोगों ने कहा कि कई यात्रियों को ट्रेन की खिड़कियों बाहर धकेल दिया गया। यात्रियों ने बताया कि कि एथेंस के उत्तर में लगभग 380 किलोमीटर (235 मील) की दूरी पर जहां प्रमुख राजमार्ग और रेल सुरंग स्थित हैं, एक खाई के पास ट्रेन पटरियों के बगल में एक खेत में फिसल गई। इसके बाद यात्री ट्रेन से निकलने के लिए जद्दोजहद में लग गए।
दुर्घटना टेम्पे नाम की जगह के पास हुई जो थिसली और मैसेडोनिया के क्षेत्रों को अलग करता है। थिसली क्षेत्र के क्षेत्रीय गवर्नर कोस्टास एगोरास्टोस ने ग्रीस के स्काई टेलीविजन को बताया कि दोनों ट्रेनें तेज गति से आमने सामने दुर्घटनाग्रस्त हो गईं।