International Yoga Day: वसुधैव कुटुंबकम के लिए योग के ध्येय वाक्य को लेकर बुधवार को 9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर नई दिल्ली से लेकर न्यूयॉर्क तक कई जगह भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है. इस 9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दुनिया में भारत का डंका बज रहा है. क्योंकि पीएम मोदी वसुधैव कुटुम्बकम की थीम पर शाम साढ़े पांज बजे न्यूयॉर्क (UN हेटक्वॉर्टर) में योग करेंगे.

 

इस दौरान देश में भी अलग-अलग जगहों पर योग कार्यक्रम आयोजित किये गए. तो चलिए आपको बताते हैं कि राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति, केंद्रीय स्वास्थ मंत्री समेत कई केंद्रीय मंत्रीयों और मुख्यमंत्रियों ने कहा-कहा पर योग किया. इस दौरान उन्होंने योग को लेकर क्या बड़ी बाते कहीं, आइये जानते हैं.

1. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में योग किया. इस दौरान उन्होंने कहा, योग हमारी सभ्यता की महान उपलब्धियों में से एक है, और पूरे विश्व के लिए भारत की एक महान सौगात है. योग, शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित करता है. योग, जीवन के प्रति एक समग्र दृष्टिकोण है. योग हमारे जीवन में बढ़ती चुनौतियों का सामना करने के लिए हम सभी को और अधिक सक्षम बनाता है. आज के दिन, मैं सभी लोगों से अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाने और इसकी परिवर्तनकारी शक्ति का अनुभव करने का आग्रह करती हूं.

2. उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मध्य प्रदेश के जबलपुर में योग किया. इस दौरान योग को लेकर उन्होंने क्या कुछ कहा, देंखे.

 

3. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने नई दिल्ली में योग दिवस के अवसर पर योग किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि योग ‘वसुधैव कुटुंबकम’ का संदेश पूरे विश्व में प्रसारित कर रहा है. आइये हम सब मिलकर योग को अपने जीवन में अपनाएँ और निरोगी काया का निर्माण करें.

4. केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के नोएडा इंडोर स्टेडियम में योग किया. इस दौरान उन्होंने कहा, इस विषेश दिन पर आइये, "स्वस्थ भारत" बनाने के लिए योग को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करें और स्वयं को निरोग रखने का संकल्प लें.

5. अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुग्राम के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में योग किया. इस दौरान उन्होंने कहा, आज प्रधानमंत्री मोदी जी संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय, न्यूयॉर्क में योग मनाएंगे. ये हमारे लिए गौरव का विषय भी है कि जिन्होंने International Yoga Day का प्रस्ताव रखा था, आज वह संयुक्त राष्ट्र में योग दिवस में शामिल होंगे.

6. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योग दिवस पर गोरखपुर में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भाग लिया और योग किया. योग दिवस पर सीएम योगी बोले, आज लोगों के सामने विभिन्न प्रकार की चुनौतियां हैं. कोई शारीरिक बीमारियों से परेशान है, कोई तनाव से परेशान है, कोई आधि और व्याधि दोनों से प्रभावित है. इन सभी से संपूर्ण आरोग्यता प्रदान करने में 'योग' की बहुत बड़ी भूमिका है.

7.  रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर INS विक्रांत पर योग किया. वहीं उन्होंने कहा, मोदी जी देश के पहले प्रधानमंत्री बनने जा रहे है, जो अमरीकी संसद को एक नहीं दो-दो बार संबोधित करने की उपलब्धि हासिल करेंगे. साथ ही वे UN बिल्डिंग पर योग भी करेंगे.

8. उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अल्मोड़ा में योग किया. इस दौरान सीएम धामी बोले- सम्पूर्ण मानवता के लिए ऋषि-मुनियों द्वारा प्रदत्त प्राचीन योग पद्धति को हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी के प्रयासों से विश्व में एक नयी पहचान मिली है. आज देवभूमि उत्तराखंड की भी योग और अध्यात्म के क्षेत्र में एक अलग पहचान बनी है, हमारी सरकार प्रदेश में आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है. आइए, स्वस्थ जीवन के लिए हम योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और दूसरों को भी योग करने के लिए प्रेरित करें.

9. अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर में योग किया. इस मौके पर उन्होंने कहा, योग क्रिया ही नहीं बल्कि निरोगी जीवन, यौवन और कल्याण का विज्ञान है. शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए योग के लिए योग अवश्य अपनाएं. योग आरोग्य का द्वार है और योग का काम जोड़ना है. आदरणीय प्रधानमंत्री मोदी जी ने योग के माध्यम से पूरी दुनिया को जोड़ने का प्रयास किया है.

10. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर ओडिशा के बालासोर में योग किया. इस मौके पर उन्होंने कहा, "पीएम मोदी ने योग के साथ हमारे सांस्कृतिक धरोहर वसुधैव कुटुम्बकम को जोड़ा है यानि पूरा विश्व एक परिवार है."