कर्नाटक विधानसभा चुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। कांग्रेस ने 52 सीटों पर जीत हासिल कर ली है और 83 पर बढ़त बनाए हुए हैं। इस तरह वह 135 सीटों पर जीत दर्ज़ करती दिखाई दे रही है वहीं सत्ताधारी भाजपा केवल 65 सीटों पर सिमटती दिखाई दे रही है। जेडीएस भी 20 सीटों से आगे जाते नहीं दिख रही है. 

इस बीच BJP से कांग्रेस में गए जगदीश शेट्टार को हार का सामना करना पड़ा। उन्हें हुबली धारवाड़ सेंट्रल सीट पर भाजपा उम्मीदवार से करीब 32,000 मतों से हार का सामना करना पड़ा। वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कनकपुरा सीट पर चौथी बार जीत दर्ज़ की है। डीके शिवकुमार के खिलाफ बीजेपी ने राज्य के राजस्व मंत्री आर अशोक और जेडीएस बी नागराजू को मैदान में उतारा था।

कर्नाटक विधानसभा सीट की हाई प्रोफाइल सीटों में से एक वरुणा सीट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम सिद्धारमैया ने जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता और बोम्मई सरकार में मंत्री रहे वी सोमन्ना को हराया है। 

चित्तरपुर सीट से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे ने जीत हासिल की है। प्रियांक ने 13,638 वोटों से चुनाव जीत लिया है। उन्होंने बीजेपी के मणिकांत राठौर को हराया है।

चन्नापटना सीट से जेडीएस प्रमुख एचडी कुमारस्वामी ने जीत हासिल की है। भाजपा उम्मीदवार सीपी योगेश्वर को यहां हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि कुमारस्वामी शुरुआती दौर में पीछे चल रहे थे। 

कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस के सीनियर नेता दिनेश गुंडू राव ने गांधी नगर सीट 105 वोटों से जीत ली है। गुंडू राव ने बीजेपी के प्रतिद्वंद्वी सप्तगिरी गौड़ा के साथ करीबी मुकाबले में हराया।

कर्नाटक विधानसभा की चमाराजपेट विधानसभा सीट पर कांग्रेस के बीजेड जहीर अहमद ने बड़ी जीत दर्ज की है, उन्होंने भाजपा उम्मीदवार पूर्व आईपीएस भास्कर राव को हराया है। भास्कर राव ने चुनाव से ठीक पहले ही भाजपा का दामन थामा था।