जम्मू में कटरा से करीब 15 किलोमीटर दूर झज्जर कोटली के पास मंगलवार सुबह एक बस पुल से नीचे गिर गई। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई और 55 लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों, सीआरपीएफ और एसडीआरएफ ने मौके पर पहुंचकर लोगों को रेस्क्यू किया।
बस अमृतसर से वैष्णोदेवी जा रही थी। बस में 75 यात्री सवार थे। सभी बिहार के रहने वाले थे। जम्मू की उपायुक्त अवनी लवासा ने बताया कि इस हादसे में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायलों को जीएमसी जम्मू में भर्ती कराया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसे की वजह बस का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। ब्रेक फेल हो जाने से बस का संतुलन बिगड़ गया और बस जजार कोटली पुल से नीचे गिर गई। सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट अशोक चौधरी ने कहा कि कटरा जाते समय तीर्थयात्री रास्ता भटक गए होंगे और यहां पहुंच गए होंगे। इस हादसे में बचाव कार्य के लिए क्रेन लाई जा रही है ताकि देखा जा सके कि कोई बस के नीचे फंसा तो नहीं है।
जानकारी के अनुसार सभी मृतक एक ही परिवार के हैं और अमृतसर के फतेहगढ़ चूड़िया रोड के रहने वाले हैं। वे पुत्र के मुंडन के लिए वैष्णोदेवी के दर्शन के लिए घर से निकले थे। घटना के बाद मृतक के परिजन जम्मू के लिए रवाना हो गए हैं।