भोपाल: राज्य सरकार ने जेट प्लेन खरीदी का अपना पहला टेण्डर निरस्त कर दिया है तथा उसके स्थान पर दूसरा टेण्डर जारी किया है।

पहला टेण्डर इसलिये निरस्त किया गया है क्योंकि इसमें सिर्फ एक ही विदेशी कंपनी ने दरें डालीं थीं परन्तु उसने इसे बनाकर देने में कुछ शर्ते रख दी थीं। ये शर्तें राज्य सरकार को स्वीकार्य नहीं थी क्योंकि वह पहले ही क्लीयर चुकी थी कि टेण्डर में जो शर्तें रखी गई हैं, उसी के अनुसार जेट प्लेन देना होगा।

अब राज्य के विमानन विभाग ने जेट प्लेन की खरीदी के लिये दूसरा टेण्डर जारी किया है। इसमें प्रस्ताव देने के लिये 1 जुलाई तक का समय दिया गया है। टेण्डर की तकनीकी बिड 4 जुलाई को खोली जायेंगी तथा इनमें फिट पाई गई कंपनियों की वित्तीय बिड खोलने के लिये अलग से सूचना जारी की जायेगी।

दूसरे टेण्डर में भी विमानन विभाग ने पहले टेण्डर वाली ही शर्तें रखी हैं। दूसरे टेण्डर में भी सुरक्षा निधि पचास लाख रुपये रखी गई है।