कहा— कांग्रेस पार्टी में महामंत्री-मंत्री हैं, लेकिन कार्यकर्ता नहीं..!

भोपाल। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार को मध्यप्रदेश के दौरे पर आए। भोपाल एयरपोर्ट पर सीएम शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर जेपी नड्डा ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज जिस हर्षोल्लास के साथ आपने मेरा स्वागत किया है वह भाव-विभोर करने वाला है। ये स्वागत आपको और मुझे इस बात का बोध कराता है कि यह भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं की विचारधारा का स्वागत है। यहां से वे ईदगाह हिल्स स्थित गुरुद्वारा नानक टेकरी पहुंचें जहां उन्होंने दर्शन कर मत्था टेका। जेपी नड्डा यहां से शहीद स्मारक के लिए रवाना हुए जहां वे शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। वे दोपहर 12.15 बजे सात नंबर बस स्टॉप स्थित नेताजी सुभाष की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा की दोपहर 1 बजे बीजेपी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता होगी।

स्टेट हैंगर पर स्वागत समारोह के दौरान मंच पर राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पंकजा मुंडे केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह, विश्वास सारंग, विधायक रामेश्वर शर्मा भाजपा के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी सहित अनेक नेता उपस्थित थे। यहां गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की कुर्सी नहीं थी। वे एक बार मंच पर आए फिर नीचे उतर गए। बाद में जब जेपी नड्डा मंच पर पहुंचे तो वे भी वहां पहुंचे। मंत्री विश्वास सारंग में यहां उनसे अपनी कुर्सी पर बैठने का आग्रह किया। 

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सिर्फ भाजपा के पास नेता हैं, नीति और नियत है, कार्यकर्ता हैं और वातावरण भी है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश विकास की दृष्टि से तेजी आगे बढ़ रहा है। पहले मध्य प्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी में था लेकिन आज वही मध्यप्रदेश लीडर की तरह आगे बढ़ रहा है।