JP Nadda in Himachal: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल प्रदेश के दौरे पर हैं. उन्होंने कांगड़ा के नूरपुर और पालमपुर में पार्टी कार्यालयों का उद्घाटन किया. साथ ही कांगड़ा में जनसभा को संबोधित करते हुए ना सिर्फ कांग्रेस बल्कि सभी विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला है.

इस दौरान जेपी नड्डा बोले, भाजपा देश की अकेली पार्टी है जो विचारों पर चलती है, बाकी सभी दल वैचारिक रूप से शून्य हो गए हैं. कुर्सी के लिए ये दल किसी भी तरह का समझौता करने को तैयार हैं. आज तो सी.पी.एम. और कांग्रेस भी हाथ मिला कर चुनाव में उतरते हैं.

उन्होंने आगे कहा, कहां गए इन दोनों के विचार? लेकिन भाजपा ऐसी नहीं है, अगर हमने 1952 में एक देश-एक संविधान की बात कही तो 2019 में हमने धारा-370 को हटा कर ऐसा कर के दिखाया. हम पीछे नहीं हटे.

जेपी नड्डा ने बताया कि हमारी अकेली पार्टी है जिसके 6 लाख 80 हजार से अधिक बूथ अध्यक्ष हैं. हमारे 303 लोकसभा सदस्य हैं, 1385 विधायक हैं, सैकड़ों मेयर हैं और हजारों जिला पंचायत सदस्य हैं. सेवा करना, सुशासन स्थापित करना और गरीबों के लिए काम करने वाली पार्टी अकेली भारतीय जनता पार्टी है.

कांग्रेस पर उन्होंने हमला बोलते हुए कहा कि अन्य पार्टियों की तरह कांग्रेस भी अब मां-बेटा और बेटी की पार्टी रह गई है. आप सभी भाजपा कार्यकर्ता भाग्यशाली हैं कि आप एक ऐसी पार्टी में हैं जहां प्रजातांत्रिक तरीके से, विचारों के साथ जुड़ कर के आपको काम करने का मौका मिलता है.

जेपी नड्डा बोले, 2014 के पहले भ्रष्टाचार से युक्त सरकार में घोटाले ही घोटाले थे लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में स्कैम से निकल कर स्कीम वाली सरकार देश में बनी. आज एक मजबूत सरकार, दमदार सरकार, निर्णायक सरकार के रूप में मोदी सरकार काम कर रही है.

राहुल गांधी के विदेश में दिए गए बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा, कांग्रेस पार्टी का युवराज देश की गरिमा को गिराने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा. मोदी जी का विरोध करते करते ये देश का विरोध करने लगे हैं. वो (कांग्रेस पार्टी) भारत की परम्पराओं और संस्कृति का मजाक उड़ाते हैं. 

भारत जोड़ो यात्रा पर कटाक्ष करते हुए जेपी नड्डा बोले, आप बोलते हो कि भारत जोड़ेंगे लेकिन आपने भारत को तोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी. टुकड़े-टुकड़े का नारा लगाने वालों के साथ आप खड़े हो गए. आपको देश से माफी मांगनी ही पड़ेगी. राहुल गांधी नफरत का मेगा शॉपिंग मॉल खोल कर बैठें हैं.