Jharkhand News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 22 जून यानी आज झारखंड के गिरिडीह दौरे पर हैं. यहां जेपी नड्डा ने गिरिडीह के झंडा मैदान में जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने योग दिवस का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. 

गिरिडीह में जेपी नड्डा ने कहा कि कल का दिन ऐतिहासिक दिन था, जब 21 जून को 9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में अपनी संस्कृति से जुड़ा, अपनी विधा योगा का नेतृत्व किया.

देंखे लाइव-

 

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, दुख के साथ कहना पड़ता है कि हमारे कांग्रेस भाईयों को मोदी की प्रशंसा, देश की प्रशंसा भाती नहीं है. जब एक ओर दुनिया मोदी जी की प्रशंसा कर रही है. तो वहीं, कांग्रेस के लोग मोदी जी को सांप, बिच्छू, अनपढ़, चाय बेचने वाला की संज्ञा दे रहे हैं.

जेपी नड्डा बोले, 2014 में भारत की अर्थव्यवस्था 10वें पायदान पर थी, तो वहीं आज प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में ब्रिटेन को पीछे छोड़ भारत की अर्थव्यवस्था, दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है. 70 वर्ष के शासन के दौरान 74 एयरपोर्ट बने, तो वहीं मोदी जी की सरकार के महज 9 वर्षों के दौरान 74 एयरपोर्ट बने. ये बदलते भारत की तस्वीर है.

उन्होंने आगे कहा, 'आयुष्मान भारत' के तहत 50 करोड़ लोगों को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी गई. 'प्रधानमंत्री आवास योजना' के तहत 4 करोड़ लोगों को मकान दिए गए और घर की मालकिन महिलाएं बनीं. ये मोदी जी के महिला सशक्तिकरण का तरीका है.

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए जेपी नड्डा बोले, जहां मोदी जी ने विकास की यात्रा को आगे बढ़ाया. तो वहीं, हेमंत सोरेन की सरकार ने हर तरीके से झारखंड को पीछे धकेलने का काम किया है. हेमंत सोरेन की सरकार अखंड भ्रष्टाचार में लिप्त है, तुष्टिकरण चरम पर है और प्रदेश की कानून व्यवस्था चरमरा गई है.

उन्होंने आगे गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इतिहास का सबसे बड़ा जमीन घोटाला 'झारखंड मुक्ति मोर्चा' की सरकार के दौरान हुआ है. अवैध खनन को भी हेमंत सरकार में बढ़ावा मिला है.