Opposition Meeting in Patna: अगले साल 2024 में लोकसभा चुनाव होना है. विपक्ष द्वारा चुनाव से पहले विपक्षी एकजुटता पर बल दिया जा रहा है. ताकि पूरा विपक्ष एक साथ आकर मोदी सरकार को मात दे सकें. इसके लिए बिहार की राजधानी पटना में विपक्षी दलों की बैठक नीतीश कुमार की अगुवाई में बुलाई गई.

इस बैठक में मोदी सरकार के खिलाफ नीतीश कुमार के बुलावे पर 15 दलों के नेता एक साथ पटना में इकठ्ठा हुए. इस बैठक में छह राज्यों के सीएम और 5 राज्यों के पूर्व सीएम शामिल हुए. बैठक में यह तय हुआ है कि राज्य के सीएम नीतीश कुमार विपक्षी एकता के संयोजक होंगे.

जेपी नड्डा बोले- राजनीति में क्या से क्या हो गया

तो वहीं, अब बीजेपी इस बैठक के ज़रिये विपक्षी एकजुटता पर तंज कस रहीं हैं. पीएम मोदी के 9 साल पूरे होने पर एक महीने का देशव्यापी कार्यक्रम 'महाजनसंपर्क अभियान' चल रहा है. इसके तहत शुक्रवार यानी आज राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ओडिशा के कालाहांडी दौरे पर पहुंचे.

यहां जेपी नड्डा ने जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्षी एकजुटता पर ज़ोरदार पलटवार किया. उन्होंने कहा, आज मुझे बड़ा आश्चर्य हुआ. ये विपक्षी बिहार में गलबहियां कर रहे हैं, लेकिन ये भूल गए कि लालू प्रसाद यादव को राहुल गांधी की दादी ने 22 महीने के लिए जेल में डाला था.

जेपी नड्डा ने आगे कहा, नीतीश कुमार 20 महीने के लिए जेल की सलाखों के पीछे थे. आज पटना की धरती पर जब मैं राहुल गांधी का स्वागत करते हुए इनकी तस्वीरें देखता हूं तो लगता कि राजनीति में क्या से क्या हो गया.