भोपाल. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तीन दिन के लिए मध्यप्रदेश आ रहे हैं. वे 1 जून की सुबह भोपाल पहुंचेंगे और यहां दिनभर कार्यक्रमों में व्यस्त रहेंगे. इसके बाद शाम को वे जबलपुर रवाना हो जाएंगे. एक जून की रात जेपी नड्डा जबलपुर में ही गुजारेंगे और 2 तारीख को भी जबलपुर में ही रहेंगे. अगले दिन यानि 3 जून को वे जबलपुर से ही दिल्ली रवाना होंगे. बीजेपी अध्यक्ष के दौरे की तैयारियों का खुद मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा जायजा ले रहे हैं. राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के 3 दिनी दौरे से बीजेपी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिख रहा है. पार्टी संगठन उनके स्वागत की तैयारी में जोर शोर से जुटा है.

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जेपी नड्डा 1 जून को सुबह 10 बजे भोपाल एयरपोर्ट आ जाएंगे. वे सुबह 10.30 बजे स्टेट हैंगर पहुंचेंगे जहां बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित वरिष्ठ पार्टी कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे. सुबह 11.30 बजे वे ईदगाह हिल्स स्थित गुरूद्वारा नानक टेकरी पहुंचेंगे. यहां वे दर्शन कर मत्था टेकेंगे. जेपी नड्डा दोपहर 12 बजे शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे. वे दोपहर 12.15 बजे सात नंबर बसस्टाप स्थित नेताजी सुभाष की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे. बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा की दोपहर 1 बजे बीजेपी मुख्यालय में पत्रकार वार्ता होगी.

बीजेपी अध्यक्ष मीडिया से रूबरू होने के बाद दोपहर 1.45 बजे कैबिनेट की परिचय बैठक में शामिल होंगे. वे दोपहर 2.30 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे और लंच करेंगे. उसके बाद दोपहर 3.25 बजे वे मोतीलाल नेहरू स्टेडियम पहुंचकर प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे. जेपी नड्डा शाम 5 बजे विमान से जबलपुर रवाना हो जाएंगे.

जबलपुर में भी जेपी नड्डा का व्यस्त कार्यक्रम है. नड्डा शाम 6.15 बजे जबलपुर पहुंचेंगे. वे जबलपुर एयरपोर्ट से शाम 6.30 बजे भाजपा के संभागीय कार्यालय पहुंचेंगे. एयरपोर्ट से संभागीय कार्यालय के बीच रोड शो होगा. बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा रात 9.15 बजे सांसद राकेश सिंह के घर जाएंगे. वे यहां से अपनी ससुराल जाएंगे. उनकी सास जबलपुर की पूर्व सांसद जयश्री बनर्जी पचपेढ़ी इलाके में रहती हैं. बीजेपी अध्यक्ष नड्डा रात 10.15 बजे उनसे मिलने जाएंगे. वे अगले दिन 2 जून की सुबह 9.30 बजे पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल शर्मा के निवास पर पहुंचेंगे. सुबह 10 बजे केंट वे विधानसभा क्षेत्र में आयोजित बूथ बैठक में भाग लेंगे. बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा सुबह 11 बजे अजा मोर्चा के कार्यकर्ता आशीष अहिरवार के निवास पहुंचेंगे. सुबह 11.40 बजे पश्चिम विधानसभा के गढा में वे मंडल बैठक को संबोधित करेंगे. दोपहर 12.40 बजे बीजेपी अध्यक्ष संभागीय पार्टी कार्यालय में कोर ग्रुप की बैठक में भाग लेंगे. इसके बाद दोपहर 2.30 बजे संभागीय कार्यालय में जेपी नड्डा आर्थिक टोली एवं सोशल मीडिया समूह की बैठक में शामिल होंगे. शाम 4 बजे वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में उनका बड़ा कार्यक्रम है जहां नड्डा भारतीय जनता युवा मोर्चा के यूथ कनेक्ट कार्यक्रम में भाग लेंगे. इसके बाद बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा शाम 6 बजे केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल के निवास पर जाएंगे.