Karnataka Election Results Live: कर्नाटक विधानसभा चुनाव नतीजों की मौजूदा स्थिति के अनुसार, 224 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस 129 सीटों पर आगे चल रही है. जबकि बीजेपी फिलहाल 67 सीटों पर और जेडीएस 22 सीटों पर आगे चल रही है. निर्दलीय उम्मीदवार भी 6 सीटों पर कब्जा जमाये हुए है. कांग्रेस के जीत की तरफ बढ़ते ही कांग्रेसी नेताओं ने तरह-तरह की प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी है. तो आइये जानते है, नेताओं ने इस जीत पर क्या प्रतिक्रिया दी है.

भूपेश बघेल ने कहीं ये बात-

कर्नाटक में कांग्रेस की जीत के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर में मिठाई बांटकर खुशी जताई हैं. उन्होंने कहा कि हिमालय से लेकर समुद्र तक कांग्रेस ने सफलता हासिल की है. जो लोग कांग्रेस मुक्त भारत की बात करते थे, अब उनकी ही पार्टी दक्षिण भारत में बीजेपी मुक्त हो गई है.

हमारी बातें सच साबित हुई- सिद्धारमैया 

कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने कहा कि मैंने पहले ही कहा था कि पीएम मोदी आ भी जाएं तो कुछ नहीं होगा. देखिए नतीजों में ऐसा हुआ है. हम 120 सीटों से आगे चल रहे हैं. ऐसी ही उम्मीद थी कि हमें बहुमत मिलेगा.

कर्नाटक के बाद MP-CG और राजस्थान पर ध्यान-

राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कर्नाटक में जो माहौल दिखा था, आज उसी का नतीजा कर्नाटक के चुनाव परिणाम में स्पष्ट दिख रहा है. यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने शानदार कैंपेन किया. 

उन्होंने आगे कहा, कर्नाटक ने सांप्रदायिक राजनीति को नकार कर विकास की राजनीति को चुना है. अब आने वाले राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना विधानसभा चुनाव में भी इसकी पुनरावृत्ति होगी.