भारतीय जनता पार्टी की ओर से राज्यसभा उम्मीदवार घोषित की गईं सुश्री कविता पाटीदार एवं सुमित्रा वाल्मिक आज अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। दोनों उम्मीदवार सुबह 11.30 बजे प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगी. यहां स्थित महापुरूषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करने के पश्चात वे पार्टी नेताओं के साथ विधानसभा पहुंचेंगी. यहां राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में दोनों उम्मीदवार नामांकन दाखिल करेंगी.
इससे पहले भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश से राज्यसभा की दूसरी सीट के लिए जबलपुर की सुमित्रा बाल्मीकि को प्रत्याशी बनाया है। सुमित्रा प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं और जबलपुर नगर निगम में तीन बार पार्षद रही हैं। वे कानून की अच्छी जानकार हैं। अनुसूचित जाति वर्ग की सुमित्रा को प्रत्याशी बनाकर भाजपा ने सभी राजनैतिक पंडितों को चौंका दिया है। सोमवार को देर रात पार्टी ने राज्यसभा के दूसरे प्रत्याशी की घोषणा की। इससे पहले कविता पाटीदार को भाजपा ने अपना प्रत्याशी घोषित किया था। ओबीसी वर्ग की पाटीदार के साथ सुमित्रा बाल्मीकि मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगी।
सुमित्रा बाल्मीकि जबलपुर नगर निगम में तीन बार निर्वाचित पार्षद तथा एक बार एल्डर मेन रही हैं। वे नगर निगम अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। इसके अलावा वे मप्र सफाई कर्मचारी आयोग में सदस्य भी रही। सुमित्रा बाल्मीकि 1993 में भाजपा में शामिल हुई थीं। करीब 29 साल के राजनीतिक करियर के बाद सोमवार की रात उन्हें संगठन की तरफ से फोन पर राज्यसभा सदस्य के तौर पर नामांकन दाखिल करने को कहा गया। इसके बाद वे देर रात ट्रेन से भोपाल के लिए रवाना हो गईं। वे सुबह पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात करेंगी। उसके बाद नामांकन की प्रक्रिया होगी। सुमित्रा बाल्मीकि सन 1999 में पहली बार पार्षद निर्वाचित हुई थीं। गौरतलब है कि कांग्रेस की ओर से विवेक तन्खा ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरा है.