Center Ordinance On Delhi: केंद्र सरकार ने हाल ही में दिल्ली सरकार के पक्ष में सुनाए गए सुप्रीम कोर्ट के फैसले को पलट दिया है. शुक्रवार 19 मई देर रात केंद्र ने एक अध्यादेश लाकर वापस से ग्रुप ए अफसरों की ट्रांसफर-पोस्टिंग का अधिकार दिल्ली के उप-राज्यपाल को सौंप दिया है. केंद्र सरकार की ओर से जारी अध्यादेश के मुताबिक, अधिकारियों की पोस्टिंग पर दिल्ली सरकार फैसला जरूर ले सकती है लेकिन इस पर अंतिम मुहर उपराज्यपाल ही लगाएंगे.

यानी की अब अधिकारियों के तबादले का फैसला मुख्यमंत्री अकेले नहीं ले सकते हैं. तो वहीं, केंद्र ने आज 20 मई के दिन सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ पुनर्विचार याचिका भी दायर कर दी है. ऐसे में केंद्र के इस अध्यादेश पर सियासत काफी तेज है. इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी बीजेपी को घेरने में लगी हुई है.

सीएम केजरीवाल ने कहीं ये बात-

कल दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा था कि मैं इस अध्यादेश पर विपक्षी नेताओं से बात करूँगा. अब मिल रहीं ताज़ा जानकारी के अनुसार, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने दिल्ली में सीएम केजरीवाल से उनके सिविल लाइंस स्थित आवास पर मुलाकात की हैं.

इस दौरान दोनों ही नेताओं ने केंद्र के इस अध्यादेश पर मोदी सरकार को घेरने का पूरा प्रयास किया. बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला सहीं रहा लेकिन इसके बावजूद केंद्र सरकार द्वारा जो करने की कोशिश हो रही है, वह विचित्र है. सभी को एकजुट होना होगा. हम केजरीवाल के साथ हैं, ज़्यादा से ज़्यादा विपक्षी पार्टियों को एक साथ मिल कर अभियान चलाना होगा. हम पूरे तौर पर केजरीवाल जी के साथ हैं.

तो वहीं, बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव बोले- जो परेशानी अरविंद केजरीवाल झेल रहे हैं, हम उसके खिलाफ केजरीवाल जी को समर्थन देने आए हैं. अगर दिल्ली में भाजपा की सरकार होती तो उपराज्यपाल में हिम्मत होती इस प्रकार का काम करने की? दिल्ली में भाजपा कभी वापसी नहीं करेगी.

सभी पार्टी अध्यक्ष से मिलेंगे केजरीवाल-

इस दौरान सीएम केजरीवाल ने कहा कि परसों 3 बजे मेरी ममता जी के साथ बैठक है. उसके बाद मैं देश में सभी पार्टी अध्यक्ष से मिलने के लिए जाऊंगा. आज मैंने नीतीश जी से भी अनुरोध किया कि वो भी सभी पार्टियों से बात करें. मैं भी हर राज्य में जाकर, राज्यसभा में जब ये बिल आए, तब इसे हराने के लिए मैं सभी से समर्थन के लिए बात करूंगा.