PM Modi Degree Case: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिग्री को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. अब इस मामले में अहमदाबाद की मेट्रोपोलिटन कोर्ट ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को समन जारी किया है. अब दोनों को 7 जून को कोर्ट में पेश होना है.
इससे पहले कोर्ट ने 23 मई यानी आज होने वाली सुनवाई को लेकर दोनों नेताओं को कोर्ट में पेश होने के लिए कहा गया था लेकिन दोनों में से कोई भी पेश नहीं हुआ. आम आदमी पार्टी का कहना है कि इस तरह का कोई समन नहीं भेजा गया. इस पर कोर्ट की तरफ से जुर्माना भी लगाया गया था.
बता दें कि दिल्ली सीएम केजरीवाल ने पीएम मोदी की डिग्री का मुद्दा उठाया था. इसके बाद केजरीवाल और संजय सिंह पर मोदी की डिग्री को लेकर गुजरात युनिवर्सिटी को निशाना बनाने के आरोप लगे थे. फिर यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार ने दोनों नेताओं के खिलाफ आपराधिक मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी. अब इसी मामले में नया समन जारी किया गया हैं.
दोनों नेताओं को फिर से किया समन जारी-
याचिकाकर्ता के वकील अमित नायक ने बताया कि कोर्ट ने 15 अप्रैल को दोनों आरोपियों अरविंद केजरीवाल और संजय सिंह को कोर्ट में पेश होने को कहा था. आज उसी के सिलसिले में तारीख थी लेकिन समन में ज्यादा स्पष्टता नहीं है, इसलिए न्यायाधीश ने आदेश दिया है कि दोनों आरोपियों को शिकायत प्रतियों के साथ नए सिरे से समन जारी किया जाए. अब इस पर सुनवाई की अगली तारीख 7 जून है.