फिल्म 'द केरला स्टोरी' अभी रिलीज नहीं हुई है, लेकिन फ़िल्म का ट्रेलर रिलीज़ होने के बाद से ही इसे लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। फ़िल्म के ट्रेलर को लेकर काफी चर्चा है। अब फिल्म पर कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी रिएक्शन दिया है।
शशि थरूर ने 'द केरला स्टोरी' को लेकर ट्विटर पर पोस्टर शेयर करते हुए फिल्म की आलोचना की है। थरूर ने ट्वीट किया, "यह 'आपके' केरल की कहानी हो सकती है, यह 'हमारे' केरल की कहानी नहीं है। फिल्म 5 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की कहानी और निर्देशन सुदीप्तो सेन का है। https://twitter.com/ShashiTharoor/status/1652910754256023553?s=20
ये दावा किया जा रहा है, कि फिल्म केरल में 32,000 लापता महिलाओं की सच्ची कहानी पर आधारित है। कहा जा रहा है, कि लापता महिलाओं को कनवर्ट करके कट्टरपंथी बनाया गया। साथ ही ये महिलाएं भारत और दुनिया में आतंकी गतिविधियों में शामिल थीं।
इस बीच, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने 'द केरल स्टोरी' के निर्माताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि वे 'लव जिहाद' का मुद्दा उठाकर राज्य को धार्मिक उग्रवाद के केंद्र के रूप में चित्रित करने के संघ परिवार के एजेंडे को बढ़ावा देने के लिए फिल्म का इस्तेमाल कर रहे हैं।
आपको बता दें, कि ट्रेलर में केरल के हिंदू परिवार की शालिनी उन्नीकृष्णन के फातिमा बनने का दर्दनाक सफर दिखाया गया है। फिल्म केरल में धर्मांतरण के मुद्दे को उठाया गया है जिस पर विवाद शुरू हो गया है। फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर एक वर्ग फिल्म को बलपूर्वक धर्मांतरण का जीता जागता सच बता रहा है। वहीं दूसरा वर्ग यह कह रहा है कि फ़िल्म की आड़ में तथ्यों से खिलवाड़ किया गया और समाज में नफ़रत का ज़हर फैलाया जा रहा है। https://youtu.be/3Jk3vquJDGs
फिल्म के ट्रेलर की शुरुआत एक हंसते-खेलते परिवार से होती है, लेकिन इस परिवार की बिटिया शालिनी उन्नीकृष्णन को किस तरह फातिमा बना आतंकवाद की आग में झोंक दिया जाता है फिल्म उसे दिखाती है। फिल्म के बारे में यह कहा गया है कि यह सिर्फ शालिनी की नहीं है, बल्कि केरल राज्य की हजारों लड़कियों की कहानी है।
ट्रेलर में शालिनी से पूछा जाता है, 'आईएसआईएस कब जॉइन किया?' इस पर जवाब मिलता है, 'आईएसआईएस कब जॉइन किया, ये जानने के लिए क्यों और कैसे जॉइन किया ये जानना ज्यादा जरूरी है।' इसके बाद वह धर्मांतरण के लिए गए ब्रेनवॉश को दिखाया गया है। ट्रेलर में 2006 से लेकर 2011 तक केरल के मुख्यमंत्री रहे वी एस अचुतानंदन के एक कथित बयान का भी हवाला दिया गया है, जिसमें कहा गया कि अगले 20 वर्षों में केरल इस्लामिक स्टेट बन जाएगा।
ट्रेलर को लेकर सोशल मीडिया में व्यापक प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं। कहा जा रहा है कि जिस तरह इसमें धर्मांतरण का मुद्दा उठाया गया है वह एक बड़ा सबक है। साथ ही हिंदू-मुस्लिम जैसे संवेदनशील विषय के कारण इस पर राजनीतिक विवाद की आशंका पहले ही जताई जा रही थी।