आरोपी बदमाश के साथ युवती को भी पुलिस ने लिया हिरासत में।
पुलिस को शुरुआती जांच में हत्या का कारण प्रेम त्रिकोण का नजर आ रहा है। इस मामले में पुलिस ने हबीबगंज इलाके के बदमाश बबलू उर्फ शमशेर और उसकी प्रेमिका को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ शुरू कर दी है।
हबीबगंज पुलिस के मुताबिक टीटी नगर इलाके में रहने वाला शिवदत्त भालेराव उर्फ शिवा पुताई का काम करता था और आठ माह से गायब था। काफी तलाश करने के बाद उसका पता नहीं मिला तो पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। आरोपी शमशेर से उसकी दोस्ती थी और दोनों शराब साथ में ही पीते थे।
सोमवार देर रात कुछ लोगों से बबलू उर्फ शमशेर का विवाद हो गया तो शराब के नशे में उसने बोल दिया कि मैंने शिवा की हत्या कर घर में ही गाड दिया था। इसकी शिकायत करने के लिए पडोसी हबीबगंज थाने पहुंचे। पुलिस ने रात में ही बबलू उर्फ शमशेर के घर पर पहुंचकर उससे कडी पूछताछ की तो उसने हत्या करना कबूल कर लिया।
पुलिस ने उसके मकान की खुदाई कराकर शिवा का शव निकाला। उसका धड और सिर काटकर अलग-अलग दफनाया गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भिजवाया है। बबलू के साथ रहने वाली एक युवती को भी हिरासत में ले लिया है। युवती को बबलू की प्रेमिका बताया जा रहा है। युवती को भी पता था कि युवक की हत्या कर लाश को जमीन में दफनाया गया है। पुलिस के मुताबिक बबलू उर्फ शमशेर को लगता था कि उसकी प्रेमिका का शिवा से भी संबंध हैं। इसलिए अक्टूबर 2021 में दोनों ने पहले शराब पी और बाद में बबलू ने शिवा की हत्या कर दी थी।