भोपाल. मध्यप्रदेश में मानसून में चार दिन से लगा ब्रेक आज खत्म हो सकता है। अरब सागर में मानसून एक्टिविटी तेज हो गई है. इससे रविवार को प्रदेश के कई शहरों में बादल छाए और कुछ शहरों में हल्की से तेज बारिश भी हुई। छिंदवाड़ा में तो बादल फटने जैसी स्थिति बनी। यहां तेज बहाव में बुलडोजर बहते-बहते बच गया। बड़वानी और खरगोन जिले में भी तेज बारिश से नदी-नाले उफान पर आ गए।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि इंदौर में सोमवार को भारी बारिश हो सकती है। इंदौर संभाग के अधिकांश इलाकों में बारिश की पूरी संभावना है। भोपाल में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की पूरी संभावना है। आज से प्रदेश में चक्रवातीय घेरा बनने लगेगा। अभी अरब सागर और झारखंड में चक्रवातीय घेरा बना है।
रविवार शाम रायसेन में 40km प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली और तेज बारिश हुई। इससे चंदन पिपलिया गांव में कच्चा घर गिर गया जिसमें दबने से 3 भाई-बहनों के साथ चाचा की मौत हो गई। चार अन्य बच्चे भी घायल हुए हैं. शिवपुरी में भी पिछोर के डबियाकला गांव में बिजली गिरने से एक कथावाचक की मौत हो गई। 6 से ज्यादा लोग घायल हैं। अलीराजपुर की ग्राम पंचायत दूधलवाट में तेज हवा-पानी में घरों के छप्पर उड़ गए। बिजली गिरने से पेड़ के नीचे खड़े 5 बकरों की भी मौत हो गई।