प्रदेश की सियासत में मंगलवार को बड़ा सियासी घटनाक्रम हुआ। बसपा विधायक संजीव कुशवाह , सपा विधायक राजेश शुक्ला (बबलू) के साथ निर्दलीय विधायक विक्रम सिंह राणा भाजपा में शामिल हो गए। तीनों विधायक मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहाँ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा की मौजूदगी में तीनों विधायकों ने भाजपा की सदस्यता ली। 

इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि  ये तीनों 2018 में ही हमारे पास आ रहे थे लेकिन मुझे लगा अभी हमारा बहुमत नहीं था हमे सरकार नहीं बनानी चाहिए तो ये आते आते रह गए थे पर आज पार्टी में प्रवेश पर मैं इन तीनों का स्वागत करता हूं। नगरीय निकाय चुनाव से पहले इसे कांग्रेस को बड़ा झटका माना जा रहा है क्योकि ये सभी विधायक कमलनाथ सरकार का समर्थन कर रहे थे। 

सदस्यता लेने के बाद विधायक संजीव कुशवाहा ने कहा कि आज मेरे लिए गर्व का विषय है। मैं इस परिवार का सदस्य था लेकिन थोड़ा सा भटक गया था लेकिन आज पुनः परिवार में शामिल हो गया हूं मुझे आज इस बात की खुशी है कि मुख्यधारा से जुड़ गया हूं।

वहीं  बिजावर विधायक राजेश कुमार शुक्ला ने भाजपा की सदस्यता लेकर कहा कि 2018 में मुझे लगता था कि मैं भाजपा से चुनाव लडूंगा लेकिन लड़ते-लड़ते रह गया था लेकिन आज में भाजपा के मार्गदर्शन और नेतृत्व में काम कर रहा हूं। क्षेत्र के विकास के लिए मैं भाजपा में आया हूं और तन मन धन से भाजपा में रहूंगा। आज कोई हम से नाराज नहीं है। सब हमारे साथ हैं।

इनके अलावा निर्दलीय विधायक विक्रम राणा ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए 15 महीने की सरकार के साथ रहना पड़ा लेकिन बाद में शिवराज जी की आशीर्वाद मिला। उन्होंने मेरे क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं रखी। आज मैं भाजपा का सदस्य बना हूं आगे जो भी स्थिति बने लेकिन मैं सदेव भाजपा के साथ रहूंगा। शिवराज जी के नेतृत्व में काम करूंगा।