सीएम शिवराजसिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गांधी, सुभाषचंद्र बोस और सरदार वल्लभ भाई पटेल जैसा बताया हे। सीएम शिवराज ने कहा कि प्रधानमंत्री के तौर पर पीएम मोदी के 8 साल में उन्होंने एक नई राजनीतिक संस्कृति का विकास किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के आठ साल पूरे होने पर बीजेपी प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को बुलाई गई प्रेस कांफ्रेंस में सीएम ने यह बात कही। 

यहां उन्होंने मोदी को न्यू इंडिया का शिल्पकार बताया. उन्होंने कहा— एक व्यक्ति इतना काम कर सकता है, सहज ही कल्पना नहीं होती...उन्होंने गांधीजी की तरह आमजन को मुद्दों से जोड़ा है। जैसे गांधीजी ने आजादी की लड़ाई को आम जनता का आंदोलन बना दिया था...पीएम मोदी ने चाहे स्वच्छ भारत अभियान, चाहे पर्यावरण का मामला हो, सिंगल यूज प्लास्टिक हो, उन्होंने अनेक अभियान चलाए...। सिर्फ सरकार ही नहीं जनता भी अभियान से जुड़ गई... उसी का परिणाम है कि स्वच्छता के मामले में हम इतने आगे हम निकल गए। मध्यप्रदेश भी कम नहीं है।

नेताजी ने कहा था —कि तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूंगा... प्रखर राष्ट्रभक्ति, प्रखर राष्ट्रवाद। पीएम ने देश की सीमाओं को सुरक्षित करते हुए संबंध ठीक करने, बनाने की कोशिश की। लेकिन किसी ने पुलवामा किया तो पाकिस्तान की सीमाओं में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक की...। आज भारत की सीमाएं सुरक्षित है।

सरदार वल्लभभाई पटेल की तरह...प्रधानमंत्री ने रन फॉर यूनिटी, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और कश्मीर में आर्टिकज 370 को समाप्त कर भावनात्मक रूप से कश्मीर को भारत से जोड़ने का भी काम किया है... कोई प्रधानमंत्री नार्थ ईस्ट नहीं जाता था लेकिन पीएम मोदी न सिर्फ खुद गए, वहां मंत्रियों को भी भेजा। वहां अलगाववाद और आतंकवाद आज निर्मूल हो गया। उन्होंने भारत की एकात्मता को मजबूत करने का काम किया।

सीएम चौहान ने कहा कि पहले मैं मुख्यमंत्री हाेने के नाते विदेश जाता था तो भारत के भ्रष्टाचार की चर्चा होती थी। मान-सम्मान का नाम ही नहीं था। लेकिन आज स्वाभिमानी भारत की चर्चा होती है। राजनीतिक एजेंडा ही बदल गया है। अब कांग्रेस को भी कहना पड़ रहा है कि एक परिवार में एक ही टिकट देंगे। पीएम नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति के एजेंडे को विकास और सुशासन से जोड़ा है।

इस मौके पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार के 8 साल पीएम मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण, सेवा और सुशासन के संकल्प को पूरा करने वाले रहे हैं। इस देश में आजादी के इन 75 वर्षों में पीएम मोदी ने राजनीति का कल्चर बदल दिया है।