मध्यप्रदेश में झमाझम का दौर चल रहा है. प्री-मानसून एक्टिविटी से मंगलवार को राज्य के 18 जिलों में अच्छी बरसात हुई, कई अन्य जगहों पर बूंदाबांदी भी हुई. प्रदेश में आज भी प्री-मानसून एक्टिविटी से कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान जताया गया है. राजधानी भोपाल और इंदौर में आज शाम भी बारिश के आसार हैं। इसी के साथ मध्यप्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून भी अब बस दहलीज पर है। अगले 48 घंटे में मानसून के बड़वानी, बुरहानपुर, खंडवा और बैतूल जिले में पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को मानसून इंदौर संभाग के बड़वानी से सटे महाराष्ट्र के परभणी और नंदुरबार में आ चुका है।
सोमवार को भोपाल, मालवा, निमाड़ समेत प्रदेश के अधिकांश इलाकों में प्री-मानसून बारिश हुई। राजधानी में शाम को शहर के कई इलाकों में तेज बौछारें पड़ीं। यहां सुबह से शाम तक धूप खिली रही, लेकिन बाद में कहीं-कहीं तेज बारिश भी हुई। पिछले 24 घंटे में भोपाल समेत प्रदेश के 18 जिलों में प्री-मानसून की अच्छी बारिश हुई। बड़वानी और खंडवा में तो सवा तीन-तीन इंच तक पानी गिर गया।
इंदौर के जंजीजवाला इलाके में रात 8 बजे बारिश हुई। भोपाल में सोमवार शाम 6 बजे कई इलाकों में हल्की और तेज बारिश हुई। प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में उज्जैन, भोपाल, इंदौर संभाग आदि में तेज हवा भी चली।
अभी पूर्व-मध्य अरब सागर में स्थित चक्रवातीय गतिविधियां भी सक्रिय हैं। महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर मध्यप्रदेश तक ट्रफ लाइन गुजर रही हैं। दक्षिणी गुजरात तट से उत्तरी केरल तट तक एक ट्रफ फैला है। इसके साथ ही हरियाणा से उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तरी बंगाल, सिक्किम और पूर्वी असम तक पूर्व-पश्चिम ट्रफ फैला है। इधर पाकिस्तान से आने वाली हवाएं कमजोर हैं पर पाकिस्तान से हवाएं आना शुरू हो सकती हैं। दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने पर उत्तरी सीमा दीव, नंदूरबार, जलगांव, परभणी, तिरुपति, पांडिचेरी और बंगाल की खाड़ी से होते हुए बुलरघाट तक असरकारक है। इसी से प्री-मानसून की गतिविधियों में तेजी आई है।
मौसम विभाग के मुताबिक 48 घंटों में मानसून प्रदेशभर में सक्रिय हो जाएगा. प्री-मानसून की गतिविधियों के तेज होने से प्रदेश में अधिकतम तापमान के तेवर भी कमजोर होने लगे हैं। आज प्रदेश में कुछ शहरों में शाम को बारिश हो सकती है वहीं तापमान में कमी आना तय है.