भोपाल. बुधवार से नौतपा की शुरुआत हो गई हालांकि प्री-मानसून की बारिश ने मध्यप्रदेश को भीषण गर्मी से राहत दे दी है। तेज हवाओं ने विंध्य और महाकौशल में जमकर तबाही मचाई, वहीं राजधानी भोपाल समेत आधे प्रदेश में मौसम में हल्की सी ठंडक घोल दी। इन इलाकों में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ रही थी। ग्वालियर-चंबल, बुंदेलखंड, बघेलखंड और महाकौशल इलाके अभी तक भट्टी सा तप रहे थे पर प्री-मानसून की रिमझिम ने गर्मी के तेवर नरम कर दिए।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि बुधवार से राज्यभर में आसमान साफ हो जाएंगे। दो दिन तक तापमान में बेहद मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। दिन का पारा 40 डिग्री के आसपास रह सकता है। प्रदेश में नया सिस्टम 27-28 मई से एक्टिव हो जाएगा। इसके बाद फिर से बारिश का दौर शुरू होगा। इस दौरान चंबल, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा और सागर तथा उसके आसपास के इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। अभी प्री-मानसून की बारिश के लिए इंदौर को कम से कम एक सप्ताह इंतजार करना होगा।
अब छत्तीसगढ़ की ओर से बारिश आएगी
प्री-मानसून का 25 और 26 को दो दिन का ब्रेक रहेगा। 27 मई से नया सिस्टम बन रहा है। इससे प्रदेश में फिर से बादल आने की शुरुआत हो जाएगी। इस बार छत्तीसगढ़ से सटे इलाकों में बारिश होगी। बरसात पहले शहडोल, सागर, जबलपुर, नर्मदापुरम और भोपाल के कुछ इलाकों में होगी। पूर्वी मध्यप्रदेश जबलपुर-चंबल, बुंदेलखंड, बघेलखंड और जबलपुर में इस बार भी बारिश की मेहरबानी रहेगी। इंदौर को अभी राहत की बूंदों का इंतजार करीब एक सप्ताह और करना पड़ सकता है।