मध्यप्रदेश में मानसून फिर एक्टिव हो गया है। गुरुवार को प्रदेश के आधे से ज्यादा हिस्से में तेज बारिश का ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम केंद्र के मुताबिक आज भोपाल और इंदौर में झमाझम बारिश के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि एक ट्रफ लाइन राजस्थान से मध्यप्रदेश होते हुए जा रही है। अरब सागर से नमी मिलने से भी प्रदेश में इसका असर भी शुरू हो चुका है। 

बुधवार को भी महाकौशल के जबलपुर के अलावा बुंदेलखंड-बघेलखंड में अच्छी बारिश हुई। जबलपुर में नाले उफान पर आ गए वहीं छतरपुर में बिजली गिरने से महिला व बच्चे की मौत हो गई। उधर ग्वालियर में भी बुधवार शाम तेज बारिश हुई जिससे गंगा नगर के पास बस्ती में पानी भर गया। जब नगर निगम का अमला रात को वहां पहुंचा, तो स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। एक बुजुर्ग ने तो टीम को मारने के लिए हाथ में पत्थर तक उठा लिया था लेकिन टीम ने हाथ जोड़ते हुए माफी मांगी, तब बुजुर्ग का गुस्सा शांत हुआ।

इन जिलों में तेज से भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक 12 जिलों में तेज बारिश का अनुमान है. रीवा, सीधी, सतना, सिंगरौली, उमरिया, अनूपपुर, शहडोल, छिंदवाड़ा, बालाघाट, छतरपुर और निवाड़ी में भारी बारिश होने का यानि ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इधर भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग सहित मालवा-निमाड़ के कुछ जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। 

अगले 4 दिन बारिश
पूर्व-पश्चिम ट्रफ दक्षिणी उत्तरप्रदेश, पूर्वोत्तर मध्यप्रदेश से होते हुए पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक फैला है। ओडिशा और पश्चिमोत्तर अरब सागर के ऊपर मध्य चक्रवातीय गतिविधियां भी सक्रिय हैं। उत्तरी महाराष्ट्र से दक्षिणी कर्नाटक तट के समांतर भी ट्रफ है। अब दक्षिण पश्चिम मानसून के और आगे बढ़ने पर इसकी उत्तरी सीमा प्रदेश के विदिशा, रतलाम, शिवपुरी, रीवा आदि से गुजर रही है। इसी कारण बघेलखंड, महाकौशल और बुंदेलखंड आदि में जमकर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले 4 दिन तक मौसम ऐसा ही रहेगा।