भोपाल. मध्यप्रदेश में मानसून का दोबारा सक्रिय हो गया है। 28 जून यानि मंगलवार को प्रदेश के करीब 5 संभाग तरबतर होंगे. मौसम विभाग के मुताबिक इंदौर-उज्जैन संभाग के जिलों समेत बैतूल-छिंदवाड़ा जिलों में भी तेज बारिश होगी। इन स्थानों पर बिजली गिरने की भी संभावना है। बाकी जिलों में हल्की बरसात होगी। राज्य में अब 5 जुलाई तक झमाझम बारिश होगी। मौसम वैज्ञानिकों ने प्रदेश के भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन, सागर और रीवा संभाग में 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां 30 जून और 1 जुलाई को भारी बरसात होगी. 

भोपाल, इंदौर, जबलपुर-ग्वालियर सहित प्रदेशभर में अभी उमस और गर्मी का असर है। अभी कुछ दिन से अधिकांश प्रदेश में तेज बारिश भी नहीं हुई है लेकिन मानसून सेट होने से पूरा प्रदेश भीग जाएगा। पूर्व-पश्चिम ट्रफ लाइन बंगाल की खाड़ी से मध्यप्रदेश होते हुए गुजर रही है। इससे 29 जून से प्रदेश में नमी आने लगेगी। इसकी वजह से 30 जून और 1 जुलाई को राज्य के केंद्रीय और उत्तरी हिस्से में तेज बरसात होगी. प्रदेश की राजधानी भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, सागर और रीवा संभाग में इन दो दिनों में भारी बारिश हो सकती है। शेष जिलों में मध्यम बरसात होगी। यह बरसात 2 से 5 जुलाई तक जारी रहेगी।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मध्यप्रदेश के बीचों-बीच एक चक्रवाती घेरा है। साथ में अरब सागर के ऊपर भी कम दबाव का एक क्षेत्र बना हुआ है। इसके चलते मंगलवार को बैतूल-छिंदवाड़ा जिलों के साथ इंदौर-उज्जैन संभाग के जिलों में भी तेज बारिश हो सकती है। इन जगहों पर बिजली गिरने की संभावना भी है जबकि शेष जिलों में हल्की बारिश होगी। प्रदेश के ज्यादातर शहरों में दिन का पारा 40 डिग्री के नीचे आ गया है। नौगांव में सबसे ज्यादा 41.5 डिग्री तापमान रहा।