आईपीएल के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी लंदन में ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। वे दो हफ्ते में दूसरी बार कोरोना की चपेट में आ गए हैं। अपनी बीमारी की हालत में ही उन्होंने एक बड़ा फैसला लिया। उन्होंने बच्चों को सब कुछ सौंप दिया। ललित मोदी को तीन दिन पहले मेक्सिको सिटी से एयरलिफ्ट कर लंदन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल से ही मोदी ने फैमिली ट्रस्ट से इस्तीफा दे दिया और बेटे रुचिर को बागडोर सौंपने का ऐलान किया है।

इस तरह ललित मोदी ने रुचिर को 4555 करोड़ की संपत्ति सौंप दी है। ललित मोदी अब ट्रस्ट के लाभार्थी भी नहीं रहेंगे। कारोबारी केके मोदी फैमिली ट्रस्ट की संपत्ति उन्होंने अपने बेटे रुचिर मोदी (Ruchir Modi) को तत्काल ही सौंप दी। उन्होंने इस्तीफे की भी घोषणा कर दी है। इस ट्रस्ट को लेकर ललित मोदी की मां बीना और बहन के बीच कानूनी लड़ाई चल रही है। उनकी मां बीना मोदी ने फैसले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।

ललित मोदी ने ट्वीट किया- मैं जिस दौर से गुजरा, उससे मैंने सीखा कि अब संन्यास लेने और आगे बढ़ने का समय है। यह बच्चों को आगे बढ़ने देने का समय है, मैं उन्हें सब सौंप रहा हूं।

ललित मोदी ने केके मोदी फैमिली ट्रस्ट के सदस्यों को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि उनकी मां और बहन के बीच काफी समय से मामला चल रहा है, सुलह के लिए कई बार बातचीत करने के बाद भी कोई हल नहीं निकला है, जिससे काफी परेशानी हुई है। उन्होंने लिखा कि बेटी आलिया से चर्चा के बाद ही यह फैसला लिया गया है।

ललित मोदी ने लिखा- मैं कहना चाहता हूं, मेरे दोनों बच्चे बराबर लाभार्थी हैं, लेकिन नेता एक ही हो सकता है। मेरी बेटी बहुत होशियार है, लेकिन दुर्भाग्य से वह यह भूमिका नहीं चाहती। 

ललित मोदी ने अपने पिता द्वारा अपनी बहन और मां से विवाद के चलते परिवार को बांटने में की गई गलती का जिक्र किया है। ट्वीट में उन्होंने लिखा- मुझे बहुत खुशी हो रही है, 59 साल की उम्र में यह सही समय है, लेकिन मेरे पिता के पास अगली पीढ़ी के लिए ऐसा करने का समय नहीं है। मैं उस बड़ी गलती को दोहराना नहीं चाहता।

ललित मोदी ने आईपीएल की शुरुआत की थी। वह 2005 से 2010 तक बीसीसीआई के उपाध्यक्ष थे। वह 2008 से 2010 तक आईपीएल के अध्यक्ष और आयुक्त थे। 2010 में धांधली के आरोप में ललित को आईपीएल कमिश्नर के पद से निलंबित कर दिया गया था। उन्हें बीसीसीआई से भी निलंबित कर दिया गया था। मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में आरोपित होने के बाद ललित 2010 में देश छोड़कर भाग गया था।

ललित मोदी 2022 में सुष्मिता सेन के साथ अपने रिश्ते को लेकर चर्चा में आए थे। उन्होंने सुष्मिता सेन के साथ स्पेशल बॉन्ड की तस्वीरें शेयर कीं। पहले कयास लगाए जा रहे थे कि दोनों शादीशुदा हैं, लेकिन मोदी ने खुद इसका खंडन किया था।