मध्यप्रदेश में जिस परीक्षा में 10 लाख कैंडिडेट्स का भविष्य दांव पर लगा है वह प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा वर्ग-3 रद्द हो सकती है। एग्जाम के पर्चे का स्क्रीनशॉट लीक हो गया था जिसे मध्यप्रदेश एजेंसी फॉर प्रमोशन ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (MAPIT) ने जांच में सही साबित किया है। अब प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड (PEB) परीक्षा रद्द करने फैसला ले सकता है. हालांकि बोर्ड का इस संबंध कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. बोर्ड की डायरेक्टर षणमुख प्रिया मिश्रा का कहना है कि जांच रिपोर्ट पर हम जल्द ही निर्णय करेंगे।
वर्ग-3 भर्ती पात्रता परीक्षा का आखिरी पेपर 25 मार्च को था। परीक्षा के इसी पेपर का स्क्रीनशॉट वायरल हुआ था जिसके बाद कई परीक्षार्थी, कुछ खास परीक्षा केंद्र के साथ परीक्षा एजेंसी और इनविजिलेटर की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे थे। आरोप तो ये भी थे कि संगठित गिरोह ने यह धांधली अंजाम दी है। पेपर लीक के तमाम आरोपों की जांच मध्यप्रदेश एजेंसी फॉर प्रमोशन ऑफ इंफोर्मेशन टेक्नोलॉजी यानि MAPIT को सौंप दी गई। जांच के बाद आई रिपोर्ट में ये बताया गया कि वायरल स्क्रीनशॉट परीक्षा सेंटर से बाहर का है लेकिन यह प्रश्नपत्र असली था। इसका मतलब यह है कि परीक्षा के सिस्टम में सेंधमारी हुई।
इस जांच रिपोर्ट के बाद न परीक्षा पर कोई फैसला हुआ, न ही इसका रिजल्ट जारी हो पा रहा है। परीक्षा नियम पुस्तिका के हिसाब से 45 दिन में रिजल्ट आ जाना चाहिए था. अब तो परीक्षा को 60 दिन से ज्यादा हो चुके हैं। इधर बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट का परीक्षण कराया जा रहा है। इस धांधली की रिपोर्ट पुलिस को भेजी जाएगी। इस मामले में पुलिस फिर से धांधली की जांच करेगी। पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर ही अलग-अलग आरोपियों के नाम तय होंगे। पुलिस इस बात की भी जांच करेगी कि सागर के अलावा प्रदेश के और किन-किन सेंटर्स में परीक्षा में गड़बड़ी हुई थी।
गौरतलब है प्रदेश में पहले भी एग्जाम रद्द हुए हैं. सन 2021 को आयोजित कृषि विस्तार अधिकारी में भी धांधली की शिकायत सही पाने के बाद परीक्षा निरस्त की गई थी। दो अन्य परीक्षाओं स्टाफ नर्स और नर्सिंग सिस्टर की परीक्षाओं में भी व्यापक गड़बड़ी की शिकायत सही पाई गई थी जिसके बाद इन परीक्षाओं को भी रद्द कर दिया गया था।