कांग्रेस का 85वां राष्ट्रीय अधिवेशन शुक्रवार से रायपुर में प्रारंभ हो रहा है। अधिवेशन तीन दिन तक चलेगा। अधिवेशन में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका से लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत तमाम आला नेता शिरकत करेंगे।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में हुई चार हजार किमी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद इस राष्ट्रीय अधिवेशन को 2024 के आमचुनाव के मद्देनज़र अहम माना जा रहा है। अधिवेशन में कांग्रेस चुनाव के साथ पार्टी की दिशा-दशा का रोडमैप तैयार करने जा रही है।
करीब 26 साल बाद गांधी परिवार के बाहर किसी अध्यक्ष की अगुवाई में होने वाले इस अधिवेशन में देशभर के 15 हजार कांग्रेस प्रतिनिधि जुट रहे हैं। 24 से 26 फरवरी तक चलने वाले अधिवेशन में राजनीतिक, आर्थिक, कृषि, सामाजिक सशक्तिकरण सहित छह प्रस्तावों पर चर्चा होगी और भाजपा तथा केंद्र सरकार से मुकाबले की रणनीति तय की जाएगी।
इस बीच, महाधिवेशन के लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेता रायपुर पहुंचने लगे। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत, हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू गुरुवार को ही रायपुर पहुंच गए। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कुछ नेता शुक्रवार सुबह पहुंचेंगे। अधिवेशन में 12 पूर्व मुख्यमंत्री भी शिरकत करेंगे।