समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य इन दिनों रामचरित मानस को लेकर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में हैं। अब एक और विवाद उनसे जुड़ गया है। एक न्यूज़ चैनल की डिबेट के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य और महंत राजू दास के बीच हाथापाई तक हो गई। इसके बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने महंत राजू दास समेट टीवी चैनल की एंकर पर भी साजिश रचने के आरोप लगाए हैं।

मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। आपको बता दें कि स्वामी प्रसाद मौर्य के बयान पर राजू दास ने स्वामी प्रसाद मौर्य का सिर तन से जुदा करने वाले को 21 लाख रुपए के इनाम देने का ऐलान किया है।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें महंत राजूदास के साथ कुछ लोग हाथापाई कर रहे हैं लेकिन इसमें स्वामी प्रसाद मौर्य नजर नहीं आ रहे हैं। बताया जाता है कि विवाद के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य के जाने के बाद उनके समर्थकों और महंत राजूदास के बीच कहासुनी हो गई। इस मामले को लेकर स्वामी प्रसाद मौर्य का एक पत्र भी वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया है।

स्वामी प्रसाद मौर्य के लेटर पैड से वायरल हो रहे एक पत्र में लिखा है कि मुझे उस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया था, जिसमें महंत राजूदास और महंत परमहंस दास और उनके समर्थकों ने तलवार और फरसा से हमला करने की कोशिश की। मुझे मारने के लिए 21 लाख का ऐलान किया गया है।

इतना ही नहीं स्वामी प्रसाद मौर्य ने लिखा है कि ताज जैसे प्रतिष्ठित होटल में धारदार हथियारों के साथ प्रवेश की अनुमति मिलना साजिश की ओर इशारा करता है।सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने चिट्ठी में एबीपी न्यूज एंकर रुबिका लियाकत की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। स्वामी प्रसाद मौर्य ने रुबिका लियाकत द्वारा इंटरव्यू के दौरान पूछे गए सवालों को दोहराते हुए कहा कि यह कहीं न कहीं पूर्व नियोजित साजिश है। स्वामी प्रसाद मौर्य ने लखनऊ पुलिस कमिश्नर से अतिरिक्त सुरक्षा मांगी है। स्वामी प्रसाद मौर्य का यह पत्र सोशल मीडिया पर चर्चा और खींचतान के साथ वायरल हो रहा है।