दुबई की एक बिल्डिंग में भीषण आग लगने से 4 भारतीयों सहित 16 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों में पाकिस्तान के 3 नागरिक और नाइजीरिया की एक महिला भी शामिल है। हादसे में 9 लोगो के गंभीर रूप से घायल होने की ख़बर है।
खलीज टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक आग लगने की घटना रविवार की है। जिस पांच मंजिला इमारत में आग लगी वह दुबई के अल-रास इलाके में स्थित है। यह दुबई के सबसे पुराने इलाकों में से एक है। आग पहले इस बिल्डिंग के चौथे फ्लोर पर लगी और धीरे-धीरे दूसरे फ्लोर पर भी फैलने लगी।
https://twitter.com/lovindubai/status/1646859043682623492?s=20
दुबई पुलिस के मुताबिक आग लगने की सूचना दोपहर के 12.35 बजे के आसपाल मिली, जिस पर दोपहर 2:42 बजे काबू पा लिया गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें एक अपार्टमेंट की खिड़की से काला धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दे रही हैं।
दुबई पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि जानकारी मिलते ही दुबई सिविल डिफेंस मुख्यालय की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। आनन-फानन में लोगों को इमारत से बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। लेकिन कुछ देर बाद ही चौथे फ्लोर से लोगों के शव बाहर आने लगे।