Manipur Violence: हिंसा प्रभावित मणिपुर में राज्य सरकार और सुरक्षाबलों के सहयोग से शांति बहाली के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं. इन सबके बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मणिपुर के मौजूदा हालात को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सवाल खड़े किये.
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अगर पीएम मोदी को वाकई मणिपुर की चिंता है तो सबसे पहले मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह को हटाना चाहिए. मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्विटर पोस्ट के ज़रिये पूछा कि ऐसी ख़बर चल रही है कि आख़िरकार मणिपुर पर गृहमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी से बात की है. पिछले 55 दिनों से प्रधानमंत्री ने मणिपुर पर एक शब्द नहीं कहा. पूरा देश उनकी "मणिपुर की बात" सुनने का इंतज़ार कर रहा है.
उन्होंने आगे कहा, अगर प्रधानमंत्री सही में मणिपुर के बारे में कुछ भी सोचते हैं तो सबसे पहले अपने मुख्यमंत्री को बर्खास्त कीजिए. कुछ मांगे रखते हुए खड़गे बोले, उग्रवादी संगठनों व असामाजिक तत्वों से चुराए हुए हथियार जब्त करें. सभी पक्षों से बातचीत शुरू करें और साझा राजनैतिक रास्ता निकाला जाए.
साथ ही सुरक्षा बलों की मदद से ब्लॉकेड खत्म करें. राष्ट्रीय राजमार्गों को खोलकर और सुरक्षित रखकर आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करे. प्रभावित लोगों के लिए राहत, पुनर्वास और आजीविका का पैकेज बिना देरी किए तैयार किया जाना चाहिए. घोषित राहत पैकेज अपर्याप्त है.
खड़गे ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, भाजपा और मोदी सरकार का कोई भी प्रोपेगेंडा, मणिपुर हिंसा में उनकी घोर विफलताओं पर पर्दा नहीं डाल सकता.
कांग्रेस ने जारी किया नया वीडियो-
कांग्रेस ने भी मणिपुर हिंसा को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा हैं. आज ही कांग्रेस ने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया. जिसमें एक तरफ मणिपुर हिंसा की खबर दिखाई दे रही हैं. वहीं, दूसरी तरफ राजधानी भोपाल में पीएम मोदी वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखा रहे हैं. इस पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा बोले, प्रधानमंत्री जी, आप जानना चाहते हैं ना कि ‘इंडिया में क्या चल रहा है’? तो सुनिए, एक तरफ मणिपुर जल रहा है, दूसरी तरफ आपका प्रचार चल रहा है. समय निकालिए और मणिपुर जाइए.
बता दें कि मणिपुर में शांति बहाली की कोशिशें तेज कर दी गई है. मोर्चा संभालने के लिए खुद सैन्य बलों को भी मणिपुर भेजा गया है. हालांकि, इसके बावजूद भी फ़िलहाल मणिपुर में हालात सुधरते नहीं दिख रहे हैं.