मध्यप्रदेश के सबसे प्रमुख एयरपोर्ट इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह उड़ानों का शेडयूल पूरी तरह गड़बड़ा गया। यहां से रायपुर और अहमदाबाद जाने वाली उड़ान को जबकि अहमदाबाद से आने वाली उड़ान को निरस्त कर दिया गया। इससे एयरपोर्ट पर पहुंचे यात्री परेशान होते रहे।
प्रबंधन के अनुसार रायपुर जाने वाली उड़ान सिक्स ई 7112 इंदौर से रोज सुबह 6.05 बजे रवाना होती है। रविवार को इसे एकाएक निरस्त कर दिया गया। वहीं सुबह 7 बजे अहमदाबाद जाने वाली उड़ान संख्या सिक्स ई 7175 को भी निरस्त कर दिया गया। जानकारी के अनुसार इस उड़ान को विमान की कमी की वजह से निरस्त किया गया। उड़ानें निरस्त होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट पहुंचे यात्रियों का कहना था कि हमें पहले से सूचना ही प्राप्त नहीं हुई। अगर कंपनी उड़ान निरस्त कर रही थी तो हमें पहले से सूचना दे देती। हम एयरपोर्ट नहीं आते। हालांकि उड़ान कंपनी का कहना है कि लोगों को रिफंड और रिबुकिंग का विकल्प भी दिया लेकिन फिर भी यात्रियों ने नाराजगी जाहिर की।
इधर निजी उड़ान कंपनी इंडिगो बीते कई दिनों से लगातार अपनी उड़ान निरस्त कर रही है। सूत्रों ने बताया कि यात्रियों की कमी के कारण इंडिगो उड़ानों को निरस्त कर रही है। इधर कंपनी इसके पीछे आपरेशनल कारण बता देती है। बीते माह में भी इंडिगो ने ही इंदौर से ही सबसे अधिक उड़ान निरस्त की थी। इंदौर से सबसे अधिक हर दिन औसतन 70 उड़ानों का संचालन होता है। जुलाई से इसकी संख्या 90 तक पहुंचने की उम्मीद है। रात को एयरपोर्ट चालू होने के बाद 10 से अधिक उड़ानों का संचालन और होने लगेगा। अभी यह एयरपोर्ट रात को बंद रहता है।