इंदौर के देवी अहिल्यबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से बुधवार को कई उड़ानें निरस्त की गई है। जानकारी के अनुसार आने जाने वाली छह उड़ानें रद्द की गई हैं. इनमें बेंगलुरू,हैदराबाद और दिल्ली की आने जाने वाली उड़ानें भी शामिल है। बुधवार को निरस्त की गई सभी उड़ानें इंडिगो एयरलाइंस की हैं।

जानकारी के अनुसार इंडिगो की उड़ान संख्या सिक्स ई 7271 को बुधवार को निरस्त कर दिया गया। रोजाना यह सुबह हैदराबाद से उड़ान भर कर 8.05 बजे इंदौर आती है। इंदौर से यह उड़ान हैदराबाद के लिए रवाना होती है। इसके साथ ही दोपहर में बेंगलुरू से आने जाने वाली और दिल्ली से रात की उड़ान को भी निरस्त किया गया है। एयरलाइंस ने इसके पीछे कोई कारण भी नहीं बताया है। जिन यात्रियों ने इन उड़ानों में टिकट बुक करवाए उन्हें सूचना दे दी गई है। ऐसे यात्रियों को रिफंड और रिबुकिंग का विकल्प दिया गया है।

इन शहरों के लिए उड़ानों में दूसरे विकल्प भी मौजूद हैं, जिससे यात्रियों को ज्यादा परेशानी नहीं आएगी। मंगलवार को भी इंदौर से उड़ानों की परेशानी आई थी.  उड़ानेंं निरस्त तो नहीं हुई थी लेकिन दिनभर में 20 उड़ानें अपने तय समय से औसतन एक- एक घंटे देरी से आईं और गईं थीं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा था।