भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार देर रात वाहनों की भिड़ंत हो गई. हादसे में कई लोग घायल हो गए. वहां से गुजर रहे प्रदेश सरकार के मंत्री और एक विधायक ने मानवीयता दिखाते हुए तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और एंबुलेंस बुलाकर घायलों को अस्पताल भिजवाया. लालघाटी इलाके में हलालपुर स्थित इसाई कब्रिस्तान के पास यह हादसा हुआ था.?
घटनाक्रम के अनुसार नवजात शिशु को ले जा रही एंबुलेंस और एक बाइक के बीच टक्कर हो गई। आमने-सामने की इस भिड़ंत में कुछ लोग घायल हो गए. उसी दौरान वहां से गुजर रहे प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और विधायक रामेश्वर शर्मा की नजर घटनास्थल पर चली गई. वहां लोगों की भीड़ देख दोनों ने अपनी गाड़ी रुकवाई. मामले की गंभीरता देख उन्होंने तुरंत दूसरी एंबुलेंस मौके पर बुलवाई और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक और एम्बुलेंस की टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ही वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलने के बाद बैरागढ और कोहेफिजा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थे। बाइक सवार मोहनलाल खाती को एंबुलेंस से तुरंत चिरायु अस्पताल पहुंचाया गया। घायल बच्चे को भी अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जाता है कि एंबुलेंस में सीहोर निवासी एक परिवार नवजात शिशु को इलाज के लिए जा रहे थे उसकी हालत पहले से ही गंभीर थी। एंबुलेंस में उसे ऑक्सीजन देकर ही लाया जा रहा था। विधायक रामेश्वर शर्मा ने बैरागढ के चिकित्सक दुर्गेश खेमचंदानी एवं डॉ पूनम खेमचंदानी को तुरंत मौके पर बुलवाया। दूसरी एंबुलेंस में अन्य घायलों को चिरायु अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार घायलों की हालत अब ठीक है। हादसे के बाद बैरागढ़ से लालघाटी के बीच लंबा जाम लग गया था। पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए जाम को समाप्त कराया।