केंद्र की अग्निपथ योजना के विरोध में आज भारत बंद की अपील की गई है। वहीं अब कांग्रेस भी योजना के विरोध में खुलकर सामने आ गई है। शनिवार को कांग्रेस ने योजना के विरोध में धरने का आयोजन किया। इसमें पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल हुईं लेकिन इस दौरान एक चूक पर प्रियंका गांधी को नसीहतें मिल रही हैं।
इंदौर से भाजपा विधायक रमेश मेंदोला ने भी प्रियंका गांधी वाड्रा को इस चूक पर नसीहत दी है। पूरा मामला प्रदर्शन के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा के हाथ में मौजूद एक बैनर से जुड़ा हुआ है।
दरअसल 'अग्निपथ' योजना के विरोध में आयोजित कांग्रेस के इस धरना प्रदर्शन में प्रियंका गांधी जो बैनर पकड़े हुए दिखाई दिखाई दीं। उसमें अग्निपथ ही गलत लिखा हुआ था। इस पर भाजपा विधायक रमेश मेंदोला ने कटाक्ष किया।
जिनको"अग्निपथ"लिखना तक नहीं आता वो इसके विरोध के झंडे उठा रहे है।@priyankagandhiजी इंदौर में मध्यभारत हिंदी साहित्य समिति एक संस्था है।इसकी स्थापना 1910 में हुई थी। गांधीजी यहीं से हिंदी को राष्ट्रभाषा बनाने का आह्वान किया था।पहले आप यहां आकर हिंदी सीख लो विरोध बाद में कर लेना🙏 pic.twitter.com/om0INu3Okr
— रमेश मेंदोला (@Ramesh_Mendola) June 19, 2022
उन्होंने लिखा-जिनको 'अग्निपथ' लिखना तक नहीं आता वो इसके विरोध के झंडे उठा रहे है। प्रियंका गांधी जी इंदौर में मध्यभारत हिंदी साहित्य समिति एक संस्था है। इसकी स्थापना 1910 में हुई थी। गांधीजी यहीं से हिंदी को राष्ट्रभाषा बनाने का आह्वान किया था। पहले आप यहां आकर हिंदी सीख लो विरोध बाद में कर लेना।
गौरतलब है कि कांग्रेस ने जंतर मंतर पर 'अग्निपथ' योजना के खिलाफ सत्याग्रह किया था। इस दौरान कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा था कि सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा था कि नकली देशभक्त को आंख खोल कर पहचानिए। प्रियंका ने कहा था कि इस योजना से भविष्य खत्म हो जाएगा। सरकार को खत्म कीजिए, सरकार को गिराइये।