भोपाल: महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र में दिये जाने वाले रोजगार की दैनिक मजदूरी में 11 रुपये की वृध्दि कर दी गई है। पहले यह मजदूरी 193 रुपये प्रतिदिन थी जो अब बढक़र 204 रुपये प्रतिदिन हो गई है। मजदूरी की दर में केंद्र सरकार ही वृध्दि करती है तथा मप्र रोजगार गारंटी परिषद ने इस बढ़ी हुई दर से सभी जिला कलेक्टरों को अवगत करा दिया है।

कृषि नियोजन की मजदूरी अभी भी कम-

इधर राज्य का श्रम विभाग हर छह माह में न्यूनतम मजदूरी में उपभोक्ता सूचकांक के हिसाब से बदलाव करता है। गत अक्टूबर से मार्च माह तक कृषि नियोजन में कार्यरत श्रमिकों की मजदूरी 233 रुपये प्रतिदिन थी जिसे अब अप्रैल से सितम्बर तक के लिये 240 रुपये प्रतिदिन कर दिया गया है यानि इसमें सिर्फ सात रुपये की वृध्दि की गई है।

श्रम विभाग ने चार अन्य श्रेणियों में भी न्यूनतम वेतन में वृध्दि की है। अब अकुशल श्रमिक को 338 रुपये के स्थान पर 351 रुपये, अर्धकुशल श्रमिक को 371 रुपये के स्थान पर 384 रुपये, कुशल श्रमिक को 424 रुपये के स्थान पर 437 रुपये तथा उच्च कुशल श्रमिक को 474 रुपये के स्थान पर 487 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे।