केंद्र सरकार समेत राज्य सरकारें कोरोना के बढ़ते मामलों को देख अलर्ट हो गई हैं। पूरे देश में तेजी से रफ्तार पकड़ रहे मामलों के बीच सोमवार को आज देशव्यापी मॉक ड्रिल होगा। इसमें कोरोना के खतरे को देखते हुए अस्पतालों में तैयारियों को परखा जाएगा। 

देशभर में होने वाले इस मॉक ड्रिल का असल उद्देश्य वक्त पर खामियों को दुरुस्त करनें और तैयारियों को अधिक बेहतर बनाने का है। मॉक ड्रिल में सरकारी और निजी दोनों प्रकार के स्वास्थ्य केंद्रों के भाग लेने की संभावना है।

इधर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने अस्पतालों में पूरे इफ्रास्ट्रक्चर को तैनात रहने और हॉटस्पॉट की पहचान करने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि हमें सावधान रहना होगा। देश के साथ-साथ पूरी दुनिया में इस वक्त कोरोना जिस तेजी से बढ़ रहा है उसके मद्देनजर हर नागरिक का फर्ज है कि मास्क, सैनेटाइजर और दूरी बना कर रखने की प्रैक्टिस पर अमल करें। 

वहीं देश में रविवार को बीते 24 घंटे में 5,357 नए मरीज मिले हैं। वहीं, सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 32,814 पहुंच गई है। हालांकि बीते शनिवार के मुकाबले नए मामले कम हैं। शनिवार को 6,155 नए मामले दर्ज किए गए थे।