केंद्र की मोदी सरकार ने कश्मीरी किसानों की मांग को लेकर बड़ा कदम उठाया है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, भारत सरकार ने देश के किसानों खासकर कश्मीर के किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए 50 रुपये प्रति किलो से कम कीमत वाले सेब के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया है. पिछले कुछ समय से कश्मीरी किसानों की ओर से विदेशी सेब के आयात पर रोक लगाने की मांग की जा रही है. हालांकि, भारत सरकार ने इस प्रतिबंध से पड़ोसी देश भूटान को अलग रखा है.
डीजीएफटी ने जारी की अधिसूचना
भारत सरकार के विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) की ओर से एक अधिसूचना जारी की गई थी, जिसमें कहा गया था कि CIF (लागत, बीमा और माल ढुलाई) के साथ सेब का आयात 50 रुपये प्रति किलो से कम या बराबर है. इस अधिसूचना में डीजीएफटी ने कहा कि न्यूनतम आयात मूल्य की शर्तें भूटान पर लागू नहीं होंगी.
ईरान और तुर्की को बड़ा झटका
भारत सरकार का यह कदम ईरान, तुर्की और चिली के लिए एक बड़ा झटका है, क्योंकि ये सभी देश बड़ी मात्रा में भारत को सेब निर्यात करते हैं. अप्रैल 2022 से फरवरी 2023 तक, भारत ने कुल 26.03 करोड़ डॉलर मूल्य के सेब का आयात किया. तुर्की, इटली, ईरान और चिली शीर्ष निर्यातकों में से थे. जबकि 2021-2022 में भारत ने कुल 38.51 करोड़ डॉलर के सेब का आयात किया. भारत सरकार का यह कदम इसलिए भी अहम है क्योंकि कश्मीर के सेब किसान पिछले कुछ समय से ईरानी सेब के आयात पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं.
तुर्की से होता है सबसे ज्यादा आयात
भारत में सेब का सबसे बड़ा आयात तुर्की से होता है. वाणिज्य मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल 2022 से फरवरी 2023 के बीच भारत ने तुर्की से कुल 7.18 करोड़ डॉलर मूल्य के सेब का आयात किया. हालांकि, पिछले साल इसी अवधि में भारत ने 8.06 करोड़ डॉलर मूल्य के सेब का आयात किया था. तुर्की के बाद भारत ने चिली, इटली और ईरान से सबसे अधिक सेब आयात किया. साल 2022-23 में चिली से 3.86 करोड़ डॉलर और ईरान से 2.60 करोड़ डॉलर के सेब का आयात किया गया.