मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय हो गया है. प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की एंट्री हो चुकी है. राजधानी भोपाल में भी मानसून ने अचानक से अपना रुख़ बदल दिया. यहाँ दोपहर बाद से ही बादल छाए नज़र आये, साथ ही तेज हवाओं के साथ बारिश की मोटी बूंदे गिरनी शुरू हो चुकी है, प्रदेश के कई हिस्सों में भी मानसून ने आज एंट्री कर ली है.

मौसम विज्ञानियों के अनुसार, मानसून की बंगाल की खाड़ी वाली ब्रांच ज्यादा एक्टिव है. इधर अरब सागर वाली ब्रांच नमी प्रदान कर रही है. इसी कारण से प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 22 जिलों में जमकर बारिश हुई. मप्र के कुछ जिलों में मानसून चार दिन पहले दस्तक दे चुका है. रविवार को मानसून नर्मदापुरम, रायसेन, इंदौर, देवास के साथ जबलपुर में भी पहुंचा, लेकिन आज से भोपाल में भी मानसून ने दस्तक दे दी. 

मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें बुरहानपुर, खंडवा, बैतूल, खरगोन, झाबुआ, रतलाम, डिंडोरी, अनूपपुर, मंडला, राजगढ़, नीमच और मंदसौर शामिल हैं. इनके साथ ही छिंदवाड़ा में भी सोमवार सुबह तक तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश हुई.