मध्यप्रदेश में मानसून की सुगबुगाहट शुरु हो गई है। प्रदेश में एक हफ्ते में मानसूनी बारिश शुरु हो जाएगी। मौसम विभाग ने राज्य में 15 जून के बाद बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार अच्छे मानसून के संकेत मिलने लगे हैं। मानसून आने में अब देरी नहीं है, तेज हवाओं और बादलों से भी इसका अनुमान लगाया जा सकता है।

मानसून का असर पहले महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक में देखने को मिलेगा। इन राज्यों में दो दिनों में बारिश होने की पूरी संभावना है। मानसून इसके बाद राजस्थान से होता हुआ आगे बढ़ेगा और छत्तीसगढ़ के साथ मध्यप्रदेश पहुंचने की संभावना है। प्रदेश में जून और इसके बाद सितंबर के बीच सामान्य या अच्छी बारिश के संकेत हैं। 

हालांकि प्रदेश में 15 जून के बाद ही बारिश हो सकती है। इधर फिलहाल राज्य के अधिकांश हिस्से अभी गर्म हवाओं की चपेट में ही रहेंगे। बीते 4 या 5 दिनों में यहां पारा 44 डिग्री के ऊपर ही बना रहा है। आज गर्म हवाएं और तेज हो सकती हैं। लोगों को लू से राहत अभी नहीं मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में पारा सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया है। अगले दो-तीन दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की गुजाइंश नहीं है, इसके बाद अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री नीचे आ सकता है।

प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ से बारिश के आसार हैं. इसका असर आने वाले तीन दिनों में देखने को मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से ही सर्दी और मानसून से पहले की बारिश होती है।