भोपाल. मध्यप्रदेश के आसपास बारिश करने वाले तीन सिस्टम एक्टिव हैं। ओडिशा में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र आज पूरी तरह एक्टिव हो जाएगा। दक्षिणी झारखंड में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात है। इधर अरब सागर से भी नमी मिल रही है। इन तीनों सिस्टम की वजह से अगले  पांच दिन इंदौर भोपाल समेत प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी।

राजधानी भोपाल में सोमवार सुबह से पानी गिर रहा। रात में भी यहां रुक-रुक कर बारिश होती रही। खंडवा, अशोकनगर, सागर, छिंदवाड़ा, खंडवा, रायसेन और ग्वालियर भी तर हो गए हैं। भिंड के दबोह, टीकमगढ़ और दमोह में गाज गिरने से एक-एक मौत हुई है। सागर में घरों में पानी भर गया और कच्चे मकानों की दीवारें गिर गईं। बुरहानपुर के निंबोला में रविवार को 1 घंटे की बारिश में उतावली नदी में बाढ़ आ गई. इससे निंबोला-खामला रोड की पुलिया डूब गई। पुलिया के दोनों तरफ सैंकड़ो लोग 2 घंटे तक फंसे रहे। पानी उतरने के बाद ही लोग यहां से निकल सके। उतावली नदी की पुलिया इस रोड पर सिर्फ चार फीट ऊंची है। यह जंगली क्षेत्र है। ग्रामीणों ने बताया रात में यहां फंसने पर जंगली जानवरों का खतरा भी बना रहता है।

नर्मदापुरम,भोपाल समेत 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बड़वानी, अलीराजपुर, बुरहानपुर, खंडवा और खरगोन में तेज बारिश हो सकती है। अनूपपुर, उमरिया, डिंडोरी और शहडोल में भारी बारिश के आसार हैं। प्रदेश के बाकी शहरों में हल्की से तेज बारिश हो सकती है।

इन इलाकों में आज यलो अलर्ट
सोमवार को प्रदेश के कई शहरों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने रायसेन, सीहोर, भोपाल, खंडवा, सागर, दमोह, हरदा, बैतूल और नर्मदापुरम में भारी बारिश की चेतावनी दी है।

अति बारिश का अलर्ट
इधर नरसिंहपुर, सिवनी मंडला, बालाघाट, जबलपुर, छिंदवाड़ा, डिंडोरी, कटनी, शहडोल, अनूपपुर और उमरिया में अति भारी बारिश हो सकती है।