भोपाल. कोरोना की तीसरी लहर के बाद कोरोना करीब थम सा गया था पर यह दोबारा असर दिखाने लगा हे. इसके मरीज भले ही कम हो गए थे लेकिन कुछ दिनों से तेजी से नए मरीज मिल रहे हैं। संक्रमण अभी भी इतना तेज असर दिखा रहा है कि प्रदेश में पिछले तीन दिन से लगातार रोज करीब 40 केसेस मिल रहे हैं. करीब 15 दिन में ही 550 से ज्यादा संक्रमित मिल चुके हैं.
प्रदेश में दो हफ्तों के आंकड़े तो बुरी तरह डरा रहे हैं. इस अवधि में 566 नए संक्रमित मरीज बढ़ गए हैं। राज्य अभी 248 एक्टिव केस हैं। प्रदेश की राजधानी भोपाल और व्यवसायिक राजधानी इंदौर एक बार फिर कोरोना के हॉट स्पॉट बन गए हैं. नए मरीजों में सबसे ज्यादा 58 एक्टिव केस इंदौर में हैं। इसके बाद भोपाल में 51 नए केस हैं.
प्रदेश के रायसेन जिले में 28, होशंगाबाद में 13, गुना में 11, उज्जैन में 9, ग्वालियर और जबलपुर में 8.8 , मुरैना में 7, बैतूल में 6, मंडला और सीहोर में 5-5, डिंडौरी व कटनी में 4-4, एक्टिव केस हैं। इसके अलावा बालाघाट, हरदा, दतिया, निवाड़ी, राजगढ़, शिवपुरी में तीन-तीन, धार, खरगोन, आगर, नरसिंहपुर, नीमच में दो-दो और छतरपुर बुरहानपुर और सागर में एक-एक केस हैं.
हालांकि मौतों के मामले में बहुत राहत है. पिछले तीन महीनों में एमपी में कोरोना से सिर्फ 3 मौतें हुई हैं। दो दिन पहले जबलपुर के जिला अस्पताल में कोरोना से एक की मौत हुई है। सवा तीन महीने से राजधानी भोपाल में कोरोना से कोई मौत नहीं हुई है। 22 फरवरी को भोपाल में कोरोना से अंतिम मौत हुई थी।
चिकित्सकों और एक्सपर्ट के अनुसार टीकाकरण के बाद से कोरोना के गंभीर संक्रमण का असर कम हो रहा है। यही सबसे बडी वजह है कि तीसरी लहर के दौरान कोरोना से कम मौतें हुईं।