Petrol Diesel Density: जब भी आप अपनी कार या बाइक में पेट्रोल-डीजल भरवाने जाते हैं तो आपका ध्यान सिर्फ जीरो देखने पर ही होता है. हम ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि हमें डर रहता है कि कहीं पेट्रोल पंप वाले हमारे साथ कोई धोखाधड़ी न कर दें. हालांकि, पेट्रोल-डीज़ल भरवाने से पहले जीरो देखना तो आवश्यक है ही, लेकिन क्या आपने कभी मशीन पर लगे डिस्प्ले को ध्यान से देखा है.
उस पर जीरो के अलावा भी बहुत कुछ लिखा होता है. इसके बावजूद भी हमारा ध्यान सिर्फ जीरो देखने पर ही रहता है. लेकिन क्या आपने कभी टैंक में डाले जाने वाले ईंधन की गुणवत्ता (क्वालिटी) के बारे में सोचा है. आज हम आपको पेट्रोल-डीजल की डेंसिटी कैसे चेक करें, इसके बारे में बतायेंगे.
पेट्रोल-डीजल की डेंसिटी कैसे चेक करें
दरअसल, पेट्रोल-डीजल की डेंसिटी उसकी क्वालिटी के बारे में बताती है. इसे भी आप बड़ी आसानी से चेक कर सकते हैं. सरकार ने ईंधन को लेकर कुछ मापदंड तैयार किए हैं. इसकी मदद से आपको पता चल जाएगा कि आपको जो पेट्रोल-डीजल मिल रहा है वह कितना शुद्ध है. क्योंकि ईंधन में मिलावट की शिकायत अक्सर सामने आती रहती है.
ऐसे चेक करें पेट्रोल-डीजल की डेंसिटी
पेट्रोल-डीजल की डेंसिटी चेक करने के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं है क्योंकि पेट्रोल-डीजल भरने वाली मशीन के डिस्प्ले पर इसकी जानकारी दिखाई जाती है. इसके अलावा इसे रसीद पर भी दिखाया जाता है. लेकिन अगर आपको इसमें कोई संदेह है तो आप इसकी जांच करवा सकते हैं.
डेंसिटी कितनी होनी चाहिए?
सरकार द्वारा निर्धारित कुछ मानदंड इस प्रकार हैं. जिसमें पेट्रोल की डेंसिटी 730 से 800 किलोग्राम प्रति घन मीटर है. वहीं, डीजल की शुद्धता का घनत्व 830 से 900 किग्रा/एम3 के बीच बताया होता है. अगर डेंसिटी इससे कम दिखाई देती है तो आप शिकायत कर सकते हो. बता दें कि उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 1986 के मुताबिक, प्रत्येक उपभोक्ता को पेट्रोल की शुद्धता मापने का अधिकार है.