बाहर गए थे पति और ससुर, सात महीने की बच्ची को दहलीज पर सुलाकर लगा ली फांसी
मध्यप्रदेश के इंदौर में मां ने घर की दहलीज पर अपनी सात महीने की मासूम बेटी को सुलाकर कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। जब बच्ची के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी घर पहुंचे तो वह घर की दहलीज पर बिलख रही थी और घर का दरवाजा अंदर से बंद था। पड़ोसी दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए तो देखा कि उसकी मां फांसी के फंदे पर झूली हुई थी। खुदकुशी के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह घटना इंदौर के राजपुरा गांव की है, जहां रहने वाली 22 वर्षीय पूजा ने घर पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पूजा की शादी करीब डेढ़ साल पहले गांव के विजय नाम के युवक से हुई थी। विजय कृषि मजदूर है जोकि घटना के वक्त अपने पिता के साथ सरपंच के चुनाव प्रचार के लिए गया हुआ था। बताया जा रहा है कि खुदकुशी करने से पहले पूजा ने अपनी मासूम बेटी को सुरक्षित किया। उसे घर की दहलीज के बाहर सुला दिया और फिर कमरे में आकर खुदकुशी कर ली।
घटना का पता उस समय चला जब मासूम बच्ची के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी घर पहुंचे। काफी देर तक बच्ची के रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी जब वहां पहुंचे तो देखा कि बच्ची दहलीज के बाहर पड़ी थी और घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी पूजा ने दरवाजा नहीं खोला। तब पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा और अंदर दाखिल हुए तो पूजा फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी। पूजा को फांसी के फंदे से उतारकर पड़ोसियों ने तुरंत उसके पति व ससुर को सूचना दी जिसके बाद दोनों घर पहुंचे। पुलिस को भी सूचना दी। शुरुआती तफ्तीश में पुलिस को दंपति के बीच किसी विवाद की बात पता चली है। इसके आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है।