छतरपुर. सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कुछ अलग अंदाज में नजर आए. यहां एक सभा में उन्होंने एक बार फिर I LOVE YOU TOO... कहा। छतरपुर में हुई इस सभा में वे बोले कि छोटे-छोटे बच्चे मुझे कहते हैं मामा, आई लव यू... तो मैं भी बच्चों को जवाब में कह देता हूं... आई लव यू टू। सीएम शिवराजसिंह के इस अंदाज पर सभा में तालियां और ठहाके गूंजने लगे। गौरतलब है कि इससे पहले भी शिवराज एक बार एक सभा में आई लव यू-टू कहकर फ्लाइंग किस भी दे चुके हैं। छतरपुर में सभा में सीएम ने यह भी कहा कि मैं जब इन छोटे-छोटे बच्चों को देखता हूं तो मन में एक ही विचार बनता है कि इन बच्चों का भविष्य कैसे बने? CM शिवराजसिंह ने यहां चुनावी सभा के साथ ही रोड शो भी किया। सीएम शिवराज सिंह ने सोमवार को यहां आने के पूर्व पन्ना और सागर में भी बीजेपी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया।

शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि मैं देखता हूं कि छोटे-छोटे बच्चे मुझे कहते हैं ओ मामाजी, ऐ मामा। कुछ बच्चे मुझे कहते हैं मामाजी आई लव यू तो मैं भी जवाब में कह देता हूं, आई लव यू टू। इससे पहले 2017 में भी शिवराजसिंह ने मुंगावली में सभा में एक शख्स को आई लव यू-टू कहा था। उस वक्त मुख्यमंत्री शिवराजसिंह यहां सभा को संबोधित करने पहुंचे थे। इस दौरान उनके पास खड़े एक शख्स ने कहा- मामाजी, आई लव यू। तब सीएम शिवराजसिंह ने जवाब देते हुए आई लव यू-टू कहकर उसे फ्लाइंग किस भी दे दिया था। सीएम का यह वीडियो खूब वायरल भी हुआ था।

मंच से शिवराजसिंह ने कांग्रेस और पूर्व सीएम कमलनाथ पर जमकर निशाना साधा। सीएम शिवराजसिंह ने कहा कि कमलनाथ ने संबल योजना बंद करके गरीब बहनों के लड्डू छीन लिए। इन्हीं बहनों के बच्चों के भविष्य के लिए हमने संबल योजना फिर से शुरू कर दी। इस योजना का सबको समान रुप से लाभ दिया जाएगा। कमलनाथ को लेकर सीएम शिवराज सिंह ने यह भी कहा कि बड़ा आसान काम है यह कह देना कि मैं क्या करूं, पैसे ही नहीं हैं। मामा ने तो खजाना ही खाली कर दिया है। कमलनाथजी, इससे अच्छा होता कि आप किसी अन्नू लाल, धन्नू लाल को ही CM बना देते क्योंकि यह वह भी कह सकता था कि उसके पास पैसे नहीं है।