मध्यप्रदेश सरकार का हेलीकॉप्टर (Bell 430 VT MPS) आखिरकार सोमवार को बिक ही गया। करीब 20 साल दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद से यह कबाड़ हो रहा था। सोमवार को भोपाल के ही स्क्रैप कारोबारी नईम रजा ने इस हेलीकॉप्टर को करीब ढाई करोड़ रुपए की बोली लगाकर खरीद लिया। सरकार इस हेलीकॉप्टर के लिए इससे पहले 7 बार टेंडर निकाल चुकी थी।  

इस बार हेलीकॉप्टर के लिए मुंबई की डेक्कन चार्टर्ड कंपनी ने भी 2.37 करोड़ की बोली लगायी थी। इसके बाद भोपाल के एविएशन मेंटेनेंस इंजीनियर नईम राजा ने 2.57 करोड़ की बोली लगाकर इसे ख़रीद लिया। इससे पहले चार बार टेंडर जारी होने के बाद भी किसी कंपनी ने इसे खरीदने में रुचि नहीं दिखाई थी। वहीं दो बार हेलीकॉप्टर की हालत देख कंपनियों ने पैर पीछे खींच लिए थे। 

राज्य सरकार का हेलीकॉप्टर साल 2003 में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसके बाद से इसकी उड़ान लगभग बंद है, क्योंकि इसकी निर्माता कंपनी रॉल्स रायस ने इसके पुर्जों का निर्माण ही बंद कर दिया था। इसके बाद से ही ये बेकार ही पड़ा है।

राज्य सरकार इसे बेचने के लिए साल 2016 से ही टेंडर निकाल रही थी। सात साल पहले ऑफसेट प्राइज कम रखकर भी इसे बेचना चाहा था लेकिन खरीदार ही नहीं मिला। इस बार इसकी ऑफसेट प्राइज 2 करोड़ 24 लाख रखी गई थी और भोपाल के ही स्क्रेप कारोबारी ने 2.57 करोड़ की बोली लगाकर इसे ख़रीद लिया।