महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्री बाई फुले की जीवनी स्कूल के पाठ्यक्रम में शामिल की जाएगी। हमने इसे स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल कर लिया है। सीएम शिवराज ने यह बात राजधानी भोपाल के दशहरा मैदान में आयोजित कुशवाह समाज के सम्मलेन में कही।

मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा कि मैं आपको वचन देता हूं कि आपके द्वारा पहनाई गई पगड़ी का मान, इसकी शान और कुशवाहा समाज का सम्मान कभी कम नहीं होने दूंगा। कुशवाहा समाज आध्यात्मिक और धार्मिक है। हमारा समाज कभी दूसरे के हक को नहीं छीनता है। हमारा समाज भला और भोला है लेकिन अन्याय सहन करने वाला नहीं है। जरूरत पड़ने पर स्वाभिमान की लड़ाई भी लड़ना जानता है।  

सीएम शिवराज ने आगे कहा कि कुशवाहा समाज के लोग भगवान कुश के वंशज हैं। मुझे कहते हुए गर्व है कि चंद्रगुप्त मौर्य, जिन्‍होंने पूरी दुनिया के सबसे बड़े हिस्‍से पर राज किया, वे कुशवाहा समाज में जन्मे थे।

प्रदेश में चल रहे भर्ती अभियान को लेकर सीएम शिवराज ने बताया कि हमने 15 अगस्त को तय किया था कि 1 साल में 1 लाख सरकारी नौकरियों में भर्ती करेंगे। हमारा अभियान निरंतर चल रहा है, लगभग 60 हजार भर्तियां हम कर चुके हैं।

प्रदेश को अपना परिवार बताते हुए सीएम शिवराज ने कहा कि संपूर्ण मध्यप्रदेश की जनता मेरा परिवार है और मैं सरकार भी परिवार की तरह ही चलाने का प्रयास करता हूँ। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में प्रति व्यक्ति आय जो कभी 2002-03 में 11,000 रुपये हुआ करती थी, अब बढ़कर ₹1,40,000 हो गई है।