कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सांसद पद से अयोग्य ठहराने के मसले पर संसद से सड़क तक उबाल आज भी है। कांग्रेस के साथ बाकी विपक्षी दल आ गए हैं। अब तक अडानी मामले पर जेपीसी की मांग कर रही कांग्रेस के सांसद आज संसद के भीतर सरकार के लिए नया चैलेंज लेकर आए। राहुल को अयोग्य ठहराए जाने के विरोध में कांग्रेस सांसद आज काली पट्टी व काले कपड़े में संसद पहुंचे।

लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों में कार्यवाही शुरू ही हंगामे के साथ हुई। कांग्रेस के सदस्य तख्तियां, पोस्टर लेकर आए थे। इस दौरान कुछ सांसदों ने आसंदी की ओर पर्चे भी उछाले। हंगामा नहीं थमता देख स्पीकर ओम बिरला ने लोकसभा को 4 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। वहीं, राज्यसभा की कार्यवाही भी दोपहर 2 बजे तक के लिए रद्द हो गई।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के कक्ष में कांग्रेस सांसदों की बैठक भी हुई इसमें सोनिया गांधी भी मौजूद थीं। साथ ही द्रमुक, टीएमसी, आम आदमी पार्टी के नेता भी थे। खड़गे ने कहा कि 'भाजपा लोकतंत्र को खत्म कर रही है। नरेंद्र मोदी लोकतंत्र नहीं चाहते, इसलिए हम विरोध कर रहे हैं। हमारी संयुक्त संसदीय समिति की मांग भी नहीं मानी जा रही। हम चाहते हैं कि सत्य बाहर आए।' खड़गे ने कहा, 'अगर मोदी के पास ऐसा कोई जादू है कि 2.5 साल में 12 लाख करोड़ बन सकते हैं, वह हम देश के लोगों को बताएंगे। इसमें निजी धरना क्या है? हम जनता, लोकतंत्र के लिए लड़ रहे हैं। जो लोग इस मुहिम का समर्थन कर रहे हैं उनका धन्यवाद करता हूं।'