तृणमूल कांग्रेस की तेज़तर्रार सांसद महुआ मोइत्रा ने महिलाओं के कपड़ों को लेकर चल रहे विवाद पर तीखा कटाक्ष किया है। उन्होंने भाजपा नेताओं को दो टूक कहा है कि हमारे कपड़े गंदे नहीं हैं आपकी सोच गंदी है। TMC सांसद के इस कटाक्ष को भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय से भी जोड़ा जा रहा है।
महुआ मोइत्रा ने कहा कि और भक्तों के लिए संदेश! हम बंगाली महिलाएं हैं। हम अपनी मर्जी के मुताबिक कपड़े पहनते हैं। हम अपनी मर्जी के हिसाब से ही खाते-पीते हैं। हम उसकी ही पूजा करते हैं, जिसकी आराधना हम करना चाहते हैं। हमारे कपड़े गंदे नहीं हैं। आपकी सोच गंदी है। https://twitter.com/Bhaiya_Patrakar/status/1646780680301604864?s=20
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कैलाश विजयवर्गीय ने कहा था कि महिलाएं जिन्हें देवी कहा जाता है, वे आजकल ऐसे गंदे कपड़े पहन कर निकलती हैं कि उनमें देवी का रूप दिखाई नहीं देता। वो शूर्पणखा जैसी लगती हैं। इसे लेकर कई नेता विजयवर्गीय की आलोचना कर चुके हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महिला विंग की अध्यक्ष विभा पटेल ने भी विजयवर्गीय के बयान पर आपत्ति जताई थी।
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने अतीक अहमद के बेटे असद के एनकाउंटर पर यूपी सरकार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने इसे पूरी तरह से अराजकता करार दिया। महुआ ने कहा मिस्टर अजय बिष्ट जिनका दूसरा नाम 'मिस्टर ठोक दो' था। इसलिए ऐसे सज्जन व्यक्ति के अंतर्गत इस तरह की अराजकता, जंगल राज, एनकाउंटर के जरिए हत्याएं हमेशा फलती फूलती है। यह एक प्रकार का जंगल राज है। जब आपके पास ऐसे मुख्यमंत्री और गृह मंत्री हों जो कहें, 'गाड़ी पलट सकती है', 'ठोक दो'...तो यह कभी भी हो सकता है।